दो सिलिंडर एक्सपायरी मिले, यार्ड हाईट्रेन का वॉल्व गायब मिला


मेडिकल कॉलेज अस्पताल में फायर-पॉवर ऑडिट हर माह करने के निर्देश
स्वास्थ्य सचिव के निर्देश के बाद फायर टीम ने अग्निरोधी यंत्रों का किया ऑडिट

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आग से सुरक्षा के लिए लगाए गए उपकरण पर्याप्त नहीं हैं, वहीं कालातीत उपकरणों का लगा होना सामने आया है। सोमवार को यह उस समय सामने आया, जब आगजनी की घटना के दौरान आकस्मिक बचाव के उपाय का जायजा होमगार्ड के फायर सेफ्टी विभाग ने लिया। फायर सेफ्टी को लेकर अस्पताल में कई जगह कमियां पाई गई। फायर विभाग ने इन कमियों में सुधार लाने के लिए अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी किया है। अस्पताल जैसे संवेदनशील जगह में कमियों को दूर करने के लिए ही फायर ऑडिट उच्च स्तर से मिले निर्देश पर किया गया।
जानकारी के मुताबिक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में फायर व पॉवर की स्थिति कैसी है इसका जायजा लेने के लिए स्वास्थ्य सचिव आर.प्रसन्ना के द्वारा पत्र जारी करके फायर व पॉवर विभाग को हर महीने ऑडिट करने कहा गया है। अस्पताल में आगजनी की घटना होती है तो मरीजों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजाम सही हैं या उनमें कुछ कमियां है, इसे देखने के लिए सोमवार को फायर विभाग ने पूरे अस्पताल का भ्रमण कर यहां लगने अग्निरोधक उपकरणों की ऑडिट की। एमसीएच बिल्डिंग में आगजनी के दौरान सुरक्षा के लिए लगाए गए यार्ड हाईट्रेन का वॉल्व गायब मिला। पूछने पर पता चला कि वह चोरी हो चुका है। यहां नौ सिलिंडर में दो कालातीत मिले। इसके अलावा इतने बड़े पुराने अस्पताल भवन में लगाए गए सात सिलिंडर पर्याप्त नहीं थे। फायर विभाग के प्रभारी अंजनी तिवारी ने कहा कि फायर सेफ्टी को लेकर अस्पताल प्रबंधन लापरवाह है। पूर्व में भी निरीक्षण के दौरान यहां कमियां मिली थी, जिसे लेकर सुधार करने कहा गया था लेकिन कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। वर्तमान में यहां कई नए भवनों का कार्य कराया जा रहा है, जिससे व्यवस्था अव्यवस्थित है। इन्हें व्यवस्थित कराने नोटिस जारी किया गया है।

Categorized in: