ठेले के पास खड़ी दोपहिया भी चपेट में आई

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के गोधनपुर पानी टकी के पास चौराहे में रविवार की रात लगभग साढ़े सात बजे तेज रफ्तार कार के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे लगे अंडा, फुल्की के ठेलों को हवा में उड़ा दिया। कार की चपेट में स्कूटी सहित कुछ अन्य वाहन भी आ गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों को चोटें भी आई हैं। पुलिस के अनुसार घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया था। मामले में अभी तक कोई भी पीडि़त अपराध दर्ज करवाने थाने नहीं पहुंचा है। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त गोधनपुर स्कूल चौक पर लगी दुकानों व ठेलों में काफी लोग खड़े थे। कोई सब्जी खरीद रहा था तो कोई अंडा, फुल्की खा रहा था। कार सवार को रफ्तार में ठेलों की ओर आते देख कई लोग पहले ही सतर्क हो गए, जिससे भगदड़ की स्थिति कुछ देर के लिए बन गई। इसके बाद जोरदार आवाज के साथ ठेलों को हवा में उछलते लोगों ने देखा तो उनके होश उड़ गए। कार का सामने का हिस्सा भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद कार एक गड्ढे से उछलते रूक गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार क्रमांक सीजी 15 डीवाई 7209 प्रतापपुर नाका की ओर से गोधनपुर की ओर आ रही थी। शाम 7:30 बजे के लगभग गोधनपुर पानी टंकी, चौक से वसुंधरा विहार की ओर जाने वाले मार्ग पर फुलकी व अंडा ठेला सहित कई अन्य ठेले लगे थे। तेज रफ्तार कार का चालक उन सभी ठेलों को चपेट में ले लिया। इस दौरान कुछ लोग चोटिल भी हुए। सूचना पर रात को पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से एक घायल को अस्पताल पहुंचाया।

Categorized in: