वन स्टेशन-वन प्रोडक्ट योजना की भी लांचिंग
छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूरे देश में रेलवे कारखाना, लोको शेड, पिट लाइन्स, कोचिंग डिपो, नई रेल लाइन सहित विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया, इसमें अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पिट लाइन कार्य का शिलान्यास भी शामिल है। लगभग 34 करोड़ की लागत से इस पिट लाइन का कार्य किया जाएगा। इससे ट्रेनों की सफाई व धुलाई का काम तेजी से हो सकेगा। प्रधानमंत्री ने अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर वन स्टेशन वन प्रोडक्ट (एक स्टेशन एक उत्पाद) स्टॉल भी ऑनलाइन लांच किया। रेल लाइनों के दोहरीकरण, रेल खंडों के विद्युतीकरण, डिजिटल कंट्रोल्ड स्टेशन, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र, सौर ऊर्जा संचालित स्टेशन तथा भवन का लोकार्पण और नई ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ किया गया।
बता दें कि बीते 26 फरवरी को प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअली तरीके से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के उन्नयन हेतु 5.09 करोड़ की लागत से होने वाले कार्यों का शिलान्यास किया था। मंगलवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में रेल प्रशासन अंबिकापुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम के बीच 32 करोड़ की लागत से बनने वाले मेंटनेंस पीट का भी शिलान्यास किया गया है। इस अवसर पर विधायक राजेश अग्रवाल ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन को पीट मेंटनेंस लाइन के माध्यम से एक बड़ी सौगात मिली है। पहले यहां से चलने वाली ट्रेनों में गंदगी की शिकायतें प्राप्त होती थी। वॉशिंग पीट बनने के बाद यात्रियों को बेहतर साफ-सफाई की सुविधा मिल पाएगी। लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने केन्द्र सरकार द्वारा प्रारंभ की गई वन स्टेशन वन प्रोडक्ट के माध्यम से स्थानीय कलाकृतियों व उत्पाद को बड़ा बाजार प्राप्त होगा व नए विक्रय केंद्र से स्थानीय प्रतिभाओं को सम्मान मिलेगा। रोजगार के बेहतर अवसरों का भी सृजन होगा। चिंतामणि महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के साथ ही रेलवे का तेज गति से विकास हो रहा है। आज अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चल रही है। अंबिकापुर स्टेशन के विकास के लिए मेंटेनेंस पीट और उत्पाद विक्रय केंद्र महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, ललन प्रताप सिंह, करता राम गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जोनल व जिला रेलवे समिति के सदस्य, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि, एनजीओ व पीएम विश्वकर्मा योजना में चिन्हांकित 18 वर्गों के कारीगर उपस्थिति रहे।
अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में अतिरिक्त प्लेटफार्म जरूरी-तिवारी
क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य मुकेश तिवारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले कुछ सालों से रेलवे में इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर यात्री सुविधाओं नए प्रोडक्ट्स, में काफी तेजी से काम किया जा रहा है। अंबिकापुर-बौरीडांड रेल लाइन दोहरीकरण कार्य के प्रथम चरण में सूरजपुर से बैकुंठपुर के बीच 40 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य 485 करोड़ रुपये की लागत से प्रारंभ हो गया है। जयनगर, कुम्दा और दतिमा में रोड ओवर ब्रिज के साथ भवराही-शिवप्रसाद नगर में रोड अंडर पास का कार्य प्रगति पर है। अमृत मिशन स्टेशन योजना के तहत अंबिकापुर रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण और यात्री सुविधा विस्तार का काम तेजी से हो रहा है। उन्होंने वर्तमान समय में अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में एक अतिरिक्त प्लेटफार्म निर्माण को सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए इस संबंध में तत्परता से पहल करने की जरूरत महसूस की।

Categorized in: