अंबिकापुर। नगर निगम क्षेत्र के केदारपुर मोहल्ले में मिशन अस्पताल के पीछे स्वीपर क्वार्टर के सामने वार्ड क्रमांक 17 में रहने वाले एक परिवार ने अपने घर के सामने धरना में बैठकर प्रधानमंत्री आवास की गुहार लगाई है। घर में मां-बेटी रहते हैं। बेटी का कहना है, उसकी मां की तबीयत हमेशा खराब रहती है और उसे अपनी मां के दवा और खाना के लिए बाहर जाकर कमाना पड़ता है। इसके बाद जो समय मिलता है, उस बीच आवास के लिए संघर्ष करती है। इनका घर पूरी तरह से टूट गया है। ऊपर तिरपाल डालकर यह परिवार रह रहा है। घर कभी भी गिर सकता है। एक साल पहले आश्रिता बोदरा के नाम पर आवास के लिए बेटी ने फार्म भरा था, उसके बाद से वह मकान किसी तरह से बन जाए, इसके लिए चक्कर लगा रही है, लेकिन आज तक आवास योजना के लाभ से वह वंचित है। इनका कहना है जब बारिश होती है तो वह अपनी मां के साथ  बाहर सोती है। रोज सोते समय घर के गिरने का भय बना रहता है। दोनों मां-बेटी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक टीएस सिंहदेव से आग्रह किया है कि उन्हें जल्द से जल्द आवास निर्माण के लिए मदद दिलाएं ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
धरना में साथ बैठे सामाजिक कार्यकर्ता
प्रधानमंत्री आवास की सुविधा से वंचित मां-बेटी की व्यथा सुनने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता अंकुर सिन्हा उक्त परिवार के साथ उनके घर के बाहर धरना प्रदर्शन में शामिल हुए, जिसमें अभिमन्यु साहु भी शामिल हुए। उन्होंने आगे भी गरीब परिवार के साथ उनकी लड़ाई में साथ देेने के लिए आश्वस्त किया।

Categorized in: