मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा को लाइसेंस जारी करने एवं शीघ्र कामर्शियल उड़ान प्रारंभ कराने का आग्रह

अंबिकापुर। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा को लाइसेंस जारी करने एवं शीघ्र कामर्शियल उड़ान प्रारंभ कराने का आग्रह नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर किया है। शुक्रवार को सफदरजंग एयरपोर्ट स्थित राजीव भवन में स्थापित नागरिक उड्डयन मंत्रालय पहुंचे सिंहदेव ने इनसे मुलाकात की।

नागरिक उड्डयन मंत्री ने टीएस सिंहदेव को बताया कि देश में चार छोटे एयरपोर्ट उनकी प्राथमिकता में है , इनमें अंबिकापुर एयरपोर्ट भी शामिल है। इस एयरपोर्ट के लिए लाइसेंस की प्रक्रिया अग्रिम चरण में है। अतिशीघ्र अंबिकापुर के साथ ही सरगुजांंचल के निवासियों को हवाई सेवा उपलब्ध करा दी जाएगी। नागरिक उड्डयन मंत्री से चर्चा के दौरान टीएस सिंहदेव ने आग्रह किया शुरुआत में अंबिकापुर से रायपुर और अंबिकापुर से वाराणसी तक के फ्लाइट को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ किया जाए, इस पर श्री सिंधिया ने सहमति जताई है। उल्लेखनीय है दो वर्ष पूर्व छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने करीब 43 करोड़ की राशि मां महामाया एयरपोर्ट के उन्नयन हेतु स्वीकृति किया था। इस राशि का उपयोग कर एयरपोर्ट को 72 सीटर कामर्शियल प्लेन के उतरने के साथ ही नागरिक उड़ान के उद्देश्य से तैयार किया गया। मई 2023 में डीजीसीए की टीम ने इस एयरपोर्ट की जांच के पश्चात कुछ कमियों को दुरुस्त करने कहा था। जुलाई 2023 में इन कमियों को ठीक कर इसकी रिपोर्ट डीजीसीए को भेज दी गई थी। तब से दरिमा एयरपोर्ट के लाइसेंस की प्रक्रिया लंबित थी। टीएस सिंहदेव के द्वारा नागरिक उड्डयन मंत्री से मुलाकात करने के बाद उम्मीद बनी है कि शीघ्र ही सरगुजा अंचल हवाई सुविधाओं का लाभ उठाएगा।

Categorized in: