पानी टैंकर की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत

सड़क हादसे पर दोषी कंपनी पर पूर्व विधायक ने की एफआईआर व मुआवजा की मांग

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)। मनेन्द्रगढ़ शहर से समीपस्थ ग्राम पंचायत परसगढ़ी तिराहे के पास रविवार को पानी टैंकर की टक्कर से एक बाइक सवार की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई । सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाकारित पानी टैंकर डी वी प्रोजेक्ट कम्पनी का है जो मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य का काम कर रही है। सड़क हादसे को गंभीरता से लेते हुए भरतपुर सोनहत क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने दोषी कम्पनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने व मुआवजा की मांग की है। घटना से क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त है और आमजन में भय का माहौल बना हुआ है। इस गंभीर सड़क हादसा को लेकर भरतपुर सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कांग्रेस नेताओं के साथ थाने पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग रखी। साथ ही मनेंद्रगढ़ के एसडीएम से फोन पर बात कर प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। कांग्रेस पूर्व विधायक ने कहा कि डी वी प्रोजेक्ट से जुड़े वाहन चालक, कंपनी प्रबंधन एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, मृतक के परिजनों को उचित एवं सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए तथा निर्माण कार्य में लगे वाहनों पर सख्त निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पूर्व विधायक भरतपुर-सोनहत गुलाब कमरो ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह हादसा नहीं बल्कि लापरवाही से हुई मौत है। निर्माण कार्य में लगी कंपनियां नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रही हैं और प्रशासन मौन बना हुआ है। यदि दोषी कंपनी के मालिक और जिम्मेदार लोगों पर तत्काल कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

Categorized in: