पत्नी घटना के समय बनी रही मूकदर्शक, जख्मी पति पड़ा रहा घर में
साला ने जीजा की गंभीर हालत देख अस्पताल में कराया भर्ती

 गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। दो नबालिग बेटों ने लाठी डंडे से पीट-पीटकर पिता को अचेत कर दिया, उसे गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


जानकारी के मुताबिक धरमू राम पिता स्व.पटवारी राम 45 वर्ष सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम वंदना घुटरीपारा का रहने वाला था। धरमू शराब पीने का आदी था। शनिवार की रात को वह शराब पीकर घर आया, इस बात से नाराज उसके दो नबालिग बेटों ने लाठी-डंडे से बदम पिटाई कर दी। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस दौरान उसकी पत्नी भी वहां मौजूद थी, जो बीच-बचाव नहीं की। सिर व कान में चोट लगने से धरमू राम अचेत हो गया, लेकिन स्वजन उसे इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले गए और वह घर में ही पड़े रह गया। बीते रविवार को धरमू का साला गोवर्धन उसके घर पहुंचा तो वह जीजा को अचेत अवस्था में घर के बरामदे में पड़ा देखा, उसके कान से खून निकल रहा था। वह अपनी बहन, धरमू की पत्नी शांति से पूछा तो बताई कि शराब पीकर गिर गया है, तभी पड़ोसी वहां पहुंच गए। उन्होंने घायल धरमू राम के साला को बताया कि शनिवार की रात नाबालिग बेटों ने उसके जीजा की बेदम पिटाई की है, जिससे वह अचेत हो गया है। इसकी जानकारी मिलने पर वह अपने जीजा को इलाज के लिए सीतापुर अस्पताल लेकर आया। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया, यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने स्वजनों का बयान लेने के बाद मामले में मर्ग कायम किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद केस डायरी अग्रिम जांच, विवेचना के लिए सीतापुर पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।

Categorized in: