बिश्रामपुर। घरेलू विवाद से क्षुब्ध शराब के नशे में पति ने पत्नी के ऊपर टांगी से वार कर हत्या कर दिया है। पुलिस द्वारा आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर दिया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम पंचायत रामनगर सड़कपारा निवासी आरोपी घरभरन सिंह ने बीती रात शराब के नशे में धुत्त होकर पहुंचा। शराब के नशे में पति को देखकर पत्नी प्रेमकुंवर ने कुछ काम धाम नहीं करते हो और केवल नशे में डूबे रहते हो कहकर नाराजगी व्यक्त की। पत्नी की नाराजगी से क्षुब्ध आरोपी पति घरभरन सिंह ने टांगी से सिर पर हमला कर हत्या कर दिया। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर पत्नीहन्ता आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा महिला के शव का पंचनामा तैयार कर पीएम उपरांत शव परिजन के सुपुर्द कर आरोपी पति के खिलाफ धारा 302 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय पेश कर दिया है। पुलिस ने बताया कि घटना के दौरान मृतिका का इकलौता पुत्र महेन्द्र सिंह घर के पीछे स्थित नर्सरी में लगी आग को बुझाने गया था। वापस लौटकर घटना को देख उसने आरोपी पिता को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन पिता ने पुत्र को झटका देकर फरार हो गया था। इसके पश्चात पुत्र द्वारा घायल मां को अस्पताल ले जाने संजीवनी 108 एंबुलेंस को सूचना दिया लेकिन उक्त सुविधा भी नहीं उपलब्ध हो सकी थी। पुलिस द्वारा आरोपी पति को गांव के डबरीपारा में स्थित पुराने घर से गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलदास बनर्जी, सउनि प्रवीण राठौर, प्रधान आरक्षक अविनाश सिंह, इन्द्रजीत सिंह, शरद सिंह, आरक्षक ललन सिंह, खेलसाय, बिहारी पाण्डेय, मनोज कुमार, योगेश्वर पैकरा, रविशंकर पाण्डेय, प्यारेलाल राजवाड़े सक्रिय रहे। 

Categorized in: