सरगुजा फुटबॉल संघ के अध्यक्ष ने पत्रकारों से की चर्चा, कहा-प्रशासन खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाने धनराशि उपलब्ध कराए


अंबिकापुर। हिंदुस्तान के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट आइलीग में सरगुजा जिले के अंडर-17 की टीम के खिलाडिय़ों को जगह मिली है। आईलीग फुटबाल टूर्नामेंट में पहली बार छत्तीसगढ़ प्रदेश के सरगुजा और बस्तर जिले के नारायणपुर की दो टीमें छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी, जिसमें अंडर-17 के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खेल में लीग सिस्टम से ग्रुप वाइज मैच कराया जाएगा, जो हिंदुस्तान के अलग-अलग शहरों में होगा। इसके बाद सुपर लीग के लिए क्वालीफाई करेंगे, उनका देश के किसी एक चयनित स्टेडियम में सेमीफाइनल, क्वार्टर फाइनल और फाइनल मैच कराया जाएगा, जो सरगुजा जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
सरगुजा फुटबॉल संघ के अध्यक्ष प्रबोध मिंज ने सरगुजा प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि देश के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट आईलीग में सरगुजा जिले के अंडर-17 की टीम के खिलाडिय़ों को जगह मिलने से उत्साह है। इसका लंबे समय से इंतजार था। सरगुजा के अडानी फुटबॉल एकेडमी टीम का आईलीग में शामिल होना एक बड़ी उपलब्धि है। हिंदुस्तान के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट आइलीग में सरगुजा जिले के अंडर-17 की टीम के जगह बनाने का पहला मौका है। इस दौरान फुटबॉल संघ के संरक्षक सोमनाथ सिंह, रविन्द्र तिवारी, प्रेमानंद तिग्गा, विकास सिंह व अदानी फुटबॉल एकेडमी के कोच रामबहादुर लामा शामिल रहे।
टीम के लिए सुनहरा मौका
प्रबोध मिंज ने कहा कि सरगुजा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों तक फुटबॉल को लेकर उत्साह देखने का मिलता है। शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के खिलाडिय़ों के लिए यह एक सुनहरा अवसर बन कर आया है, जिससे वे आने वाले समय में फुटबॉल को लेकर राष्ट्रीय स्तर में अपनी एक पहचान बना सकते हैं। यही नहीं भविष्य में नौकरी में भी इसका लाभ उन्हें मिलेगा।
खिलाडिय़ों को प्रशासन करे प्रोत्साहित
सरगुजा फुटबॉल संघ के अध्यक्ष प्रबोध मिंज ने कहा कि आईलीग के लिए टीम को देश के अलग-अलग शहरों में भेजा जाएगा। टीम का खर्च संघ द्वारा वहन किया जाना है। इसके लिए आईलीग कमेटी की ओर से धनराशि नहीं मिलेगी। उन्होंने खिलाडिय़ों को प्रशासन की ओर से इसके लिए बजट उपलब्ध करा प्रोत्साहित करने की मांग की है, जिससे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को और निखार सकें। साथ ही अच्छे खेल के साथ पूरे देश-प्रदेश और जिले का नाम रोशन कर सकें।

Categorized in: