अंबिकापुर। एटीएम मशीन से मिनी स्टेटमेंट निकालने के दौरान दरिमा थाना में पदस्थ आरक्षक का एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। इस दौरान दो अज्ञात व्यक्ति सहायता करने के बहाने एटीएम कार्ड निकाल कर 50 हजार रुपये उड़ा दिए।
दरिमा थाने में पदस्थ आरक्षक अमित कुजूर शहर नमनाकला का रहने वाला है। वह 30 नवंबर की सुबह 9 बजे नया बस स्टैंड के पास स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में इंडसेंड बैंक का मिनी स्टेटमेंट निकाल रहा था। इस दौरान उसका कार्ड मशीन में फंस गया, काफी कोशिश के बाद भी नहीं निकला। एटीएम मशीन के बाहर दो व्यक्ति खड़े थे। उनसे सहयोग लेने पर भी कार्ड नहीं निकला। आरक्षक अपना मोबाइल भी घर में छोड़ दिया था। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति के मोबाइल से हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया। हेल्पलाइन नंबर पर बात करते समय एक व्यक्ति ने पिन नंबर मशीन में डालने कहा। आरक्षक ने एटीएम का पिन डाला तो मदद करने आए युवकों ने पिन देख लिया। इस दौरान एटीएम से कुछ पैसे भी निकले पर कार्ड नहीं निकला। थोड़ी देर बाद आरक्षक अपने घर गया और करीब 10 मिनट बाद जब मोबाइल लेकर लौटा तो दोनों युवक वहां नहीं थे और एटीएम में फंसा उसका कार्ड भी गायब था। थोड़ी देर बाद उसके मोबाइल पर खाते से 50 हजार रुपये एटीएम से निकलने का मैसेज आया। धोखाधड़ी की लिखित शिकायत आरक्षक ने मणिपुर पुलिस चौकी में की, जहां पुलिस ने दोनों अज्ञात युवकों के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।

Categorized in: