केरल के कोल्लम जिले में एक शख्स बड़ी ही अजीबोगरीब दरख्वास्त लेकर पुलिस के पास पहुंच गया। 32 साल के इस आदमी ने अपने लिए दुल्हन ढूंढ़ने की खातिर पुलिसकर्मियों से मदद मांगी है। अनिल जॉन नाम के इस व्यक्ति का कहना है कि उसके दोस्त और रिश्तेदार इसमें उसकी मदद नहीं कर रहे हैं, इसलिए वह चाहता है कि पुलिस उसके लिए लड़की ढूंढे। इसे लेकर कोडक्कल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कर ली गई है। जॉन दिव्यांग है। उसने अपनी शिकायत में कहा कि उसे सहारे की जरूरत है और वह शादी करना चाहता है, मगर उसे किसी का सपोर्ट नहीं मिल रहा है।

पुलिस थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, अनिल जॉन किसी भी लड़की से शादी करने के लिए तैयार है। उसका कहना है कि वह अनाथ लड़की से भी विवाह कर लेगा और उसे इसमें कोई दिक्कत नहीं है। वह जिले के मन्नुर इलाके का रहने वाला है। जॉन को एक आंख से देखने में कुछ समस्या होती है। उसने बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और वह लंबे समय से अकेला रह रहा है। वह अपने जीवन-यापन के लिए मनरेगा मजदूर के तौर पर काम करता है। इसके अलावा, हर दिन अखबार बांटने भी जाता है। वह कभी-कभार लॉटरी के टिकट भी बेचा करता है।

‘दोस्त और रिश्तेदार नहीं कर रहे मदद’
अनिल जॉन ने अपनी शिकायत में कहा, ‘दारोगा जी, मैं शादी करना चाहता हूं मगर मेरे दोस्त और रिश्तेदार मेरी कोई मदद नहीं कर रहे हैं। मैंने इसे लेकर चर्च के लोगों से भी बातचीत की लेकिन वे भी सपोर्ट नहीं कर रहे हैं। मैं लोगों से बार-बार कहकर परेशान हो गया हूं।’ दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने शिकायत दर्ज कर ली और शुरुआती जांच में उसकी बातें सही मालूम हुईं। उन्होंने कहा कि हमने इसे लेकर जॉन के दोस्तों और रिश्तेदारों से बात कही है और उनसे उसकी मदद करने की अपील की है। हालांकि, शिकायतकर्ता का कहना है कि पुलिस को खुद उसके लिए लड़की ढूंढ़ने में मदद करनी चाहिए।

Categorized in: