सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु रोड नंबर 5 की रहनेवाली 21 वर्षीय युवती मंगलवार की दोपहर घर के पास ही सुवर्णरेखा नदी में कूद गई। परिवार वालों ने युवती के प्रेमी सूखा तालाब निवासी विकास दत्ता और उसके परिवार वालों युवती को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक युवती को नदी में तलाशा गया लेकिन वह नहीं मिली। इधर, युवती के परिजनों ने विकास दत्ता और उसके परिवार वालों के खिलाफ शिकायत की है। युवती की मां का कहना है कि बेटी डेढ़ माह की गर्भवती भी थी। लेकिन विकास ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया। इससे बेटी तनाव में थी। मंगलवार को शादी की बात करने बेटी विकास के घर गई थी। जहां बेटी के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद से विकास और उसके परिवार वाले फरार हैं।

मौत नहीं, जिंदगी को गले लगाएं

मां के अनुसार डेढ़ माह की गर्भवती थी बेटी, प्रेमी शादी से कर रहा था इनकार, परिवार वाले मांग रहे थे दहेज, देर शाम तक गोताखोर नहीं खोज सके शव

युवती की मां ने बताया- बेटी और बस्ती में ही रहने वाली विकास दत्ता के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध था। छह माह पहले उन्हें इसकी जानकारी मिली तो बेटी को विकास से दूर रहने को कहा। लेकिन बाद में पता चला कि बेटी गर्भवती है। विकास दत्ता और उसके परिजन शादी के लिए दहेज की मांग कर रहे थे। जो उन्होंने देने से मना कर दिया था। शादी के बात के लिए ही बेटी मंगलवार को अपने प्रेमी के घर गई थी। जहां उसके साथ मारपीट की गई। इससे आहत होकर बेटी ने नदी में छलांग लगा दी।

“युवती ने सुवर्णरेखा नदी में छलांग लगाई है। स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम तक उसे नदी में तलाशा लेकिन वह नहीं मिली। युवती के परिवार वालों ने उसके प्रेमी के खिलाफ लिखित शिकायत की है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।”

-रंजीत कुमार, थाना प्रभारी, सिदगोड़ा।

हाथी घोड़ा मंदिर के पीछे मिले शव की हुई पहचान

मानगो- पिता की डांट से आहत किशोर नदी में कूदा, चार दिन से लापता था साकची हाथी घोड़ा मंदिर के पीछे स्वर्णरेखा नदी में सोमवार को दिन में मिले किशोर के शव की पहचान कर ली गई है। शव मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 15 से लापता हितेश कुमार गुप्ता (17) का था। मंगवार को उसके परिजनों ने पोस्टमार्टम हाऊस पहुंचकर शव की पहचान की। हितेश को उसके पिता रमेश प्रसाद गुप्ता ने फटकार लगाई थी। जिसके बाद 14 अप्रैल को घर से शाम सात बजे निकला था।

काफी खोजबीन के बाद उसका कुछ नहीं पता चला। 17 अप्रैल को परिवार के लोगों ने मानगो थाना में हितेश की गुमशुदगी की रिपरोर्ट दर्ज कराई थी। इधर, मंगलवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक, हितेश कुमार गुप्ता ने इसी साल मैट्रिक की परीक्षा दी थी। 14 अप्रैल शाम को किसी बात पर पिता रमेश प्रसाद गुप्ता ने फटकार लगाई थी, जिसके बाद वह किसी को कुछ बताए बिना ही घर से निकल गया था।

Categorized in: