नशे के लिए उपलब्ध कराने ग्राहक का कर रहे थे इंतजार
अंबिकापुर। ड्रग तस्करी के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 960 नग प्रतिबंधित अवैध नशीला टेबलेट बरामद किया, जिसकी कीमत 96 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल आरोपियों पर नजर रख रही है। कोतवाली पुलिस को 08 नवम्बर को मुखबिर से सूचना मिली कि विनोद एवं हिमांशु नामक दो संदिग्ध युवक नशीला टेबलेट बिक्री करने के लिए बस स्टैंड भवन के पीछे ठेला के पास खड़े होकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विनोद 22 वर्ष निवासी केनाबांध तालाब के पास व हिमांशु ईमालया 24 वर्ष निवासी प्रतापपुर नाका सहेली गली अंबिकापुर को घेराबंदी करके कब्जे में लिया। इनके पास प्लास्टिक का पन्नी मिला, जिसकी तलाशी लेने पर 960 नग प्रतिबंधित नशीला टेबलेट मिला। आरोपियों ने बिक्री के उद्देश्य से प्रतिबंधित नशीला टेबलेट रखने की जानकारी दी। आरोपियों के पास टेबलेट से संबंधित किसी प्रकार का वैधानिक दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, सहायक उपनिरीक्षक देवनारायण यादव, प्रधान आरक्षक सियाराम मरावी, आरक्षक विवेक राय, रमन मण्डल, मंटू गुप्ता, शिव राजवाड़े शामिल रहे।

Categorized in: