अंबिकापुर। पुलिस विभाग द्वारा संचालित डायल 112 ईआरवी पीड़ितों के लिए वरदान साबित हो रही है। डायल 112 के कर्मवीर इवेंट प्राप्त होते ही मौके पर त्वरित पहुंचते हैं, जिससे लोगों को राहत मिलती है। कई बार देखने को यह मिला है कि बड़ी दुर्घटना होने पर एंबुलेंस भले ना पहुंच पाए लेकिन डायल 112 के कर्मवीर मौके पर पहुंच जाते हैं। ये एम्बुलेंस के आने का इंतजार करने के बजाय पीड़ितों को लेकर अस्पताल निकल लेते हैं, जिससे उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल जाता है। जब तक एंबुलेंस पहुंचती है तब तक पीड़ितों को अस्पताल में चिकित्सा सुविधा मुहैया करा डायल 112 के कर्मवीर निकल लेते हैं। रविवार को ऐसे ही दो इवेंट में अंबिकापुर व लखनपुर की डायल 112 के कर्मवीर दो प्रसव पीड़िता महिलाओं को अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही प्रसव पीड़ा बढ़ गई और इनका सुरक्षित प्रसव स्वजन व मितानिन के सहयोग से कराने के बाद कर्मवीर इन्हें अस्पताल में आवश्यक उपचार सुविधा के लिए पहुंचाए।
केस-1 दरिमा थाना क्षेत्रातंर्गत ग्राम-सरईटिकरा महादेवपारा से प्रातः समय-09:25 बजे गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने की सूचना अंबिकापुर थाना में संचालित डॉयल-112 ईआरव्ही अंबिकापुर शेर-2 को प्राप्त हुई।
केस-2 थाना लखनपुर क्षेत्रातंर्गत ग्राम-बेलदगी, सरपंच के घर के समीप से सायं 07:09 बजे गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने की सूचना लखनपुर थाना में संचालित डॉयल-112 ईआरव्ही लखनपुर शेर-1 को मिली।
दोनों इवेंट में संयुक्त रूप से सी-4 रायपुर एवं डीपीसीआर सरगुजा द्वारा मॉनिटरिंग करते हुए और स्थिति की गंभीरता देखते हुये डॉयल-112 ईआरव्ही टीम को घटनास्थल पर तत्काल रवाना किया गया। गर्भवती महिला को 102 व 108 वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण डॉयल-112 ईआरव्ही में स्वजनों व मितानिन के साथ बैठाकर कतकालो उप स्वास्थ्य केन्द्र व सीएचसी लखनपुर हेतु त्वरित सहायता उपलब्ध कराते हुये उचित ईलाज के लिए लाया जा रहा था, किन्तु बीच रास्ते में प्रसव पीड़ा ज्यादा होने से डॉयल-112 ईआरव्ही वाहन में तैनात कर्मवीरों ने स्वजन व मितानिन की सहायता से सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव उपरांत उचित उपचार हेतु ईआरव्ही में तैनात डॉयल-112 के कर्मवीरों द्वारा डॉक्टर को अवगत कराते हुए कतकालो उप स्वास्थ्य केन्द्र व सीएचसी लखनपुर में भर्ती कराया गया। बता दें कि सरगुजा पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, नोडल अधिकारी डॉयल-112 विवेक शुक्ला एवं डीपीसीआर डॉयल-112 सरगुजा के निर्देशन में आम-नागरिकों तक त्वरित सहायता उपलब्ध कराने हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। डॉयल-112 ईआरव्ही अंबिकापुर शेर-2 व लखनपुर शेर-1 में तैनात आरक्षक निर्मल खलखो, धीरेन्द्र कुमार सिंह एवं चालक संजय कुमार, हर्ष मानिकपुरी का इस दौरान सराहनीय योगदान रहा।

Categorized in: