ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर 

बलरामपुर जिले की नवपदस्थ कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार जिला कार्यालय के सभाकक्ष में पत्रकार वार्ता आयोजित कर जिले के विकास कार्यों की प्राथमिकताओं से पत्रकारों को अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने जिले के पत्रकारों से रूबरू होकर विभिन्न स्थानीय मुद्दों एवं जनसरोकारों पर चर्चा की।
कलेक्टर ने कहा कि बलरामपुर भौगोलिक दृष्टि से बड़ा है इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि घने जंगलों और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण बलरामपुर में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। इस दिशा में वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर पर्यटन स्थलों के विकास और उन्हें पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस संबंध में जिला वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) से भी चर्चा की जा चुकी है।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी जिले का समग्र विकास केवल सरकारी संसाधनों से संभव नहीं है, बल्कि उसमें आमजन की भागीदारी और सहयोग भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि सभी लोग विकास कार्यों में सहभागिता निभाएंगे और सकारात्मक सहयोग करेंगे तो बलरामपुर को नई पहचान दिलाने में निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने भी जिले की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों की जानकारी कलेक्टर को दी, जिस पर उन्होंने गंभीरता से कार्य करने का भरोसा दिलाया।

Categorized in: