छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 तीन दिवसीय आयोजन में झलकी परंपरा, प्रगति और गौरव की झांक

मनेन्द्रगढ (एमसीबी)। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 का तीसरा एवं अंतिम दिन अद्भुत उल्लास, गौरव और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। राज्य की रजत जयंती के अवसर पर एमसीबी जिला संस्कृति, विकास और जनसहभागिता का केंद्र बन गया। आयोजन स्थल पर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति, लोकनृत्य, लोकगीत और तकनीकी प्रदर्शनों का संगम देखने को मिला, जिसने जन-जन को अपनी जड़ों और राज्य की गौरवगाथा से जोड़ा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मनेन्द्रगढ़ विधायक व स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे। इनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह, जनपद अध्यक्ष, नगर निकाय प्रमुख एवं जिले के अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर राज्य गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की।

विभागीय प्रदर्शनी और योजनाओं का लाभ वितरण

राज्योत्सव स्थल पर लगाए गए 20 से अधिक विभागीय स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने। शासन की योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभ भी वितरण किए गए। श्रमिक पंजीयन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मोटराइज्ड साइकिल, व्हीलचेयर, वनाधिकार पट्टा, स्वच्छता किट, आइस बॉक्स और मछली पकड़ने के जाल जैसी सुविधाएँ लाभार्थियों को प्रदान की गईं। विधायक रेणुका सिंह और मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर लाभार्थियों से संवाद भी किया।

कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने रखी जिले की विकासगाथा

कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने स्वागत भाषण में कहा कि एमसीबी जिला वर्ष 2022 में गठन के बाद से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क, पर्यटन और आजीविका मिशन में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव आत्ममंथन का अवसर है कृ यह सोचने का समय है कि अगले 25 वर्षों में “नवा छत्तीसगढ़” को किस ऊँचाई तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव “जनसेवा, जनभागीदारी और जनविश्वास” का प्रतीक बन चुका है।

जनता के परिश्रम की गाथा है यह रजत जयंती’ – रेणुका सिंह

मुख्य अतिथि श्रीमती रेणुका सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की यात्रा विकास, स्वाभिमान और जनसहभागिता की मिसाल है। यह रजत जयंती जनता के परिश्रम, मातृशक्ति के समर्पण और युवाओं के सपनों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य आत्मनिर्भरता और जनकल्याण की दिशा में अग्रसर है। एमसीबी जिला गठन के केवल तीन वर्षों में प्रदेश के उभरते जिलों में शामिल हो चुका है, जहाँ हर गांव में सड़क, हर घर में बिजली और हर दिल में “छत्तीसगढ़िया गर्व” का भाव है।

2047 तक पूर्ण विकसित राज्य का लक्ष्य – स्वास्थ्य मंत्री

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रजत जयंती केवल उत्सव नहीं, बल्कि विकास की कहानी है। उन्होंने वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को पूर्ण विकसित राज्य बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से लाखों नागरिकों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया है और स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है। समापन अवसर पर पूरे परिसर में “जय जोहार, जय छत्तीसगढ़” के नारे गूंज उठे। उपस्थित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने राज्य गीत के साथ एक स्वर में एकता और प्रगति का संदेश दिया। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उत्सव “नए संकल्प, नई ऊँचाइयों और नई उपलब्धियों” की ओर अग्रसर “नवा छत्तीसगढ़” की यात्रा का आरंभ है।

Categorized in: