चार वर्षों में भ्रष्टाचार व उगाही कर दस जनपथ का एटीएम बनने का काम की कांग्रेस

अंबिकापुर। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भरत वर्मा ने शनिवार को भाजपा कार्यालय संकल्प में पत्रकारों से चर्चा के दौरान कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस सरकार के चार वर्ष की विफलताओं को गिनाया और कहा कि इन वर्षों के कुशासन में प्रदेश में चारों तरफ हताशा, निराशा, भय और आतंक व्याप्त है, चारों तरफ हा-हाकार मचा हुआ है। दिनदहाड़े हत्याएं, अबोध बालिकाओं के साथ दुष्कर्म और हत्या की श्रृंखला सी चल पड़ी है। लूट और डकैती की घटनाएं अब रोजाना हो रही हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने अपने प्राथमिक दायित्व से ही कांग्रेस की सरकार मुंह मोड़ ली है। इनका सारा ध्यान केवल अधिक से अधिक लूट मचाने और भ्रष्टाचार तथा उगाही से प्राप्त पैसे को देशभर के चुनावों में कांग्रेस के लिए खर्च करने, दस जनपथ के लिए एटीएम का काम करने पर है। कांग्रेस की सरकार को अपनी करतूतों पर शर्मिंदा होना चाहिए न कि गाल बजाना चाहिए। उन्होंने कानून व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पिछले चार साल में यहां दुष्कर्म के छह हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। चार हजार से ज्यादा नाबालिगों के साथ दुष्कर्म, छह हजार से ज्यादा युवतियों का अपहरण हुआ। भूपेश बघेल के शासन में प्रदेश दुष्कर्म में छठवें नंबर पर, फिरौती में चौथे, आत्महत्या के मामले में दूसरे और डकैती के मामले में पांचवें नंबर पर आ गया है। प्रदेश में ठगी का स्टार्टअप चल रहा है। गांजा तस्करी, ब्राउन सुगर, नशीली गोली, चरस-अफीम, शराब की तस्करी उफान पर है। ऑनलाइन ठगी के 1500 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि ईडी और आईटी विभाग की लगातार कार्रवाइयों के जितने तथ्य सामने आए हैं, उससे
छत्तीसगढ़ शर्मिंदा हैं। कोल ट्रांसपोर्ट में अंडरवल्र्ड की तरह उगाही चल रही है। आयरन और पैलेट्स समेत रेत, जमीन, शराब, ड्रग्स आदि के वैध-अवैध कारोबार से एक मोटे अनुमान के अनुसार लगभग 10 हजार करोड़ का घोटाला भूपेश सरकार ने किया है। 25 सौ करोड़ से अधिक का केवल कोयला घोटाला है। कांग्रेस सरकार में मनरेगा की राशि अपर्याप्त है। 15वें वित्त आयोग की राशि सरपंचों से जबरन अन्य कार्यों में खर्च कराई जा रही है। गोधन न्याय योजना के केवल प्रचार में 125 करोड़ से अधिक राशि बर्बाद की गई। नकली अश्लील सीडी वितरण में सीबीआई ने चार्जशीट भी दायर किया है।
चावल भी नहीं छोड़ा
भरत वर्मा ने कहा प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने चावल वितरण में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला किया है। बस्तर में रोज एक करोड़ रुपये के चावल का गबन हो रहा है। इससे पहले प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के चावल में 15 सौ करोड़ से अधिक का घोटाला सामने आया।
तीन वर्ष में 25 हजार से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत
प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए भरत वर्मा ने कहा कि पिछले तीन वर्ष में छत्तीसगढ़ में 25 हजार से अधिक आदिवासी बच्चों की अकाल मृत्यु हो चुकी है। 13 हजार से अधिक नवजात शिशु और 38 सौ से अधिक छोटे बच्चे-बच्चियों का निधन हुआ है। प्रदेश में 67.2 प्रतिशत महिलाएं एनीमिक हो गई हैं। कुपोषण की दर 20 प्रतिशत जुलाई 2021 तक रही, जिसमें चार प्रतिशत की वृद्धि हुई। अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 4 नवजात की मृत्यु शासकीय कुप्रबंधन का उदाहरण है।

Categorized in: