सूरजपुर। जिले की रामानुजनगर पुलिस ने चोरी की दो बाईक के साथ तीन युवकों को पकड़ा है जो बाईक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। बाईक चोरी पर अंकुश लगाने व चोरों की गर्दन नापने हेतु सक्रिय मुखबीर का जाल बिछाकर कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को निर्देश दिये थे। रविवार को रामानुजनगर थाना प्रभारी को सूचना मिली कि रामानुजनगर बाजार चौक के समीप 3 व्यक्ति 2 मोटर सायकल लेकर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे है। जिस पर थाना प्रभारी बिपिन लकड़ा पुलिस टीम के साथ उक्त स्थान पहुंचे और तीनो युवकों को पकड़ा। मोटर सायकल हीरो आई स्मार्ट में बलराज उर्फ गोलू व विवेक देवागंन उर्फ मोनू एवं मोटर सायकल होण्डा साईन क्रमांक सीजी 16 सी 2339 में रोशन समर बैठकर बिक्री करने के लिये ग्राहक खोज रहे थे। जिनसे वाहन के दस्तावेज की मांग करने पर प्रस्तुत नहीं किए। मोटर सायकल चोरी का होने के संदेह पर दोनों मोटर सायकल जप्त कर तीनों के विरूद्ध धारा 41(1-4) 379 के तहत गिरफ्तार किया गया। पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि होण्डा साईन को 1 वर्ष पूर्व पटना, जिला कोरिया के पेट्रोल पम्प के पास से एवं आई स्मार्ट मोटर सायकल को ग्राम चेन्द्रा, पकनी चौक से चोरी किया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी बलराज उर्फ गोलू निवासी उपरपारा, रामानुजनगर के विरूद्व पूर्व में भी चोरी एवं नकबजनी के मामले पंजीबद्व हुए थे। जिनमें यह चालान भी हो चुका है। ।

Categorized in: