बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पलगी में स्थित प्राथमिक शाला जावाखाड़ी से शिक्षक की अमानवीय हरकत का चिंताजनक मामला सामने आया है। कक्षा दूसरी में अध्ययनरत 7 वर्षीय छात्र भागीरथी यादव को मामूली गलती पर शिक्षक द्वारा बेरहमी से पीटे जाने का आरोप है। पिटाई इतनी गंभीर थी कि मासूम की आंख में खून उतर आया और चेहरा बुरी तरह सूज गया।
घटना शुक्रवार की है। भोजन अवकाश के बाद कक्षा में पहुंचे शिक्षक उदय यादव ने छात्र से गिनती सुनाने को कहा। गलती होते ही शिक्षक आपा खो बैठे और बच्चे के दोनों गालों पर लगातार थप्पड़ मारते रहे। डर के कारण बच्चा सिर झुकाने लगा तो शिक्षक और अधिक आक्रामक हो गए और पिटाई जारी रखी।
पीड़ित बच्चे के पिता धनंजय यादव ने बताया कि घटना के समय शिक्षक नशे की हालत में थे और अक्सर इसी तरह विद्यालय आते हैं। घायल अवस्था में घर पहुंचे भागीरथी ने रोते हुए पूरा वाकया बताया, जिसके बाद परिजन तत्काल त्रिकुंडा थाना पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुशवाहा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है और पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषी पाए जाने पर शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है और अभिभावक वर्ग विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहा है।

Categorized in: