अंबिकापुर। कलेक्टर विलास भोसकर एवं जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल ने मैनपाट क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान उन्होंने आदिवासी बालक छात्रावास आश्रम असकरा, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा निर्माणाधीन भवनों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर ने आदिवासी बालक छात्रावास आश्रम असकरा में बच्चों के लिए सोने के पलंगों की स्थिति, मेन्यू के अनुसार भोजन व्यवस्था, किचन की साफ-सफाई तथा भोजन प्रदाय व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास में बच्चों को स्वच्छ वातावरण और पोषक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र मुसाखोल का निरीक्षण कर केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और बच्चों को दिए जा रहे पोषण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों को रेडी-टू-ईट, गरम भोजन, सत्तू और चना सहित सभी निर्धारित पौष्टिक आहार नियमित रूप से और गुणवत्तापूर्ण रूप से प्रदाय किए जाएं। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को बच्चों से संबंधित सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा मैदानी-स्तर पर उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र कुनिया तथा जंगलपारा स्कूल भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए और कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान सीतापुर एसडीएम राम सिंह ठाकुर, महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कार्यक्रम अधिकारी जेआर प्रधान, डीएमसी सर्वजीत पाठक, जनपद सीईओ कुबेर सिंह, तहसीलदार सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

धान खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण, किसानों से लिया फीडबैक
कलेक्टर व सीईओ ने मैनपाट विकासखण्ड के आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कमलेश्वरपुर पहुंचकर धान खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान कलेक्टर ने खरीदी केंद्र में मौजूद व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। कलेक्टर ने पंजीकृत किसानों की संख्या, उपार्जन केंद्र में अब तक खरीदे गए धान की मात्रा, टोकन काटने की व्यवस्था, बारदाना उपलब्धता, माइक्रो एटीएम संचालन, तथा नवीन संशोधन एवं पंजीयन की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धान विक्रय के बाद किसानों का रकबा समर्पण नियमानुसार और समय पर कराया जाए। कलेक्टर ने खरीदी स्थल पर उपस्थित किसानों से भी संवाद किया और धान खरीदी की व्यवस्था, टोकन प्राप्ति की प्रक्रिया, तुलाई की सुविधा और भुगतान ट्रांसफर के संबंध में फीडबैक लिया। किसानों ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, टोकन प्राप्ति और भुगतान मिलने की प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी की समस्त व्यवस्थाएं पारदर्शी, सुचारू और किसान हित में संचालित हों। किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करें, खरीदी प्रक्रिया सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण का निरीक्षण
कलेक्टर विलास भोसकर ने मैनपाट विकासखण्ड के सपनादर, कुनिया और कुदारीडीह ग्राम में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर 2026) कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल भी उपस्थित थे। कलेक्टर ने पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए बीएलओ एवं क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता की फोटो केवल तभी लें जब पहचान फोटो के आधार पर सुनिश्चित नहीं हो पा रहा हो, अन्यथा फोटो लेना अनिवार्य नहीं है। उन्होंने मतदाता सूची के शत-प्रतिशत डिजिटलाइजेशन को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बीएलओ को निर्देशित किया कि अनुपस्थित, पलायन कर चुके तथा मृत मतदाताओं की सटीक पहचान कर उनकी प्रविष्टियों को नियमानुसार अद्यतन किया जाए, ताकि मतदाता सूची पूर्णत: त्रुटिरहित तैयार किया जा सके। कलेक्टर ने कहा कि पात्र नए मतदाताओं को जोड़ने और अपात्र प्रविष्टियों को हटाने का कार्य गंभीरता और पारदर्शिता से किया जाए। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को लक्षित समयावधि में पुनरीक्षण कार्य पूर्ण करने तथा प्रत्येक घर-घर सत्यापन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Categorized in: