गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अंबिकापुर से संबद्ध अस्पताल में शुक्रवार को एक कोविड पॉजीटिव मरीज की तीन घंटे के अंतराल में मौत हो गई। मृतक पूर्व से बीमार था, जिसे सुबह अस्पताल लेकर स्वजन पहुंचे थे। एंटीजन टेस्ट में कोविड जांच रिपोर्ट पॉजीटिव मिलने पर उसे अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती किया गया था। मौत के बाद कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए शव को अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।    
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना अंतर्गत ग्राम प्रेमनगर निवासी 37 वर्षीय सूरजदेव को सात अक्टूबर को प्रात: 06:21 बजे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय अंबिकापुर लेकर स्वजन पहुंचे थे। युवक की स्थिति काफी खराब थी। एक्स-रे रेडियोलॉजिकल रिपोर्ट के अनुसार मरीज की बीमारी को देखते हुए कोविड-19 जांच कराया गया, जो पॉजिटिव आया। मरीज को आइसोलेशन वार्ड में गंभीर अवस्था में भर्ती किया गया था, जहां इसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान लगभग तीन घंटे के अंतराल में दिन में 09:22 बजे उसकी मृत्यु हो गई। कोविड-19 के पॉजटिव, संदिग्ध मरीजों की मृत्यु पश्चात पार्थिव शरीर को प्रबंधन के दिशा-निर्देश में मृतक के स्वजन को सूचना देकर अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द किया गया।

Categorized in: