सूरजपुर। बिहारपुर क्षेत्र में एक कोरोना संदेही युवक की मौत से फिर हड़कंप मच गया है। वैसे भी बिहारपुर क्षेत्र में दो दिनो पूर्व एक किराना व्यवसाई के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद से समूचे इलाके में न केवल दहशत है बल्कि इससे हड़कंप की स्थिति भी है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग घर घर दस्तक देकर बिहारपुर क्षेत्र में लोगों की जांच कर रहा है। वहीं किराना व्यवसाई के संपर्क की जानकारी तैयार कर उनकी भी जांच की जा रही है। यह मामला अभी चल ही रहा है कि रविवार को एक नया मामला सामने आ गया। बताया गया है कि बिहारपुर पंचायत के उमापारा मोहल्ले में शनिवार की रात को एक 20 वर्षीय युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे बिहारपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया था। जहां बताया जा रहा है कि उसकी जांच की गई तो वह कोरोना संक्रमित निकला था जिसे सूरजपुर कोविड अस्पताल उपचार के लिए भेजा जा रहा था कि रास्ते में ओड़गी के पहले युवक की मौत हो गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.आरएस सिंह ने बताया कि शनिवार की रात को तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाया गया था। प्रारंभिक जांच में वह कोरोना से संक्रमित पाया गया था। जिसे कोविड अस्पताल सूरजपुर भेजा जा रहा था। जिले में यह कोरोना से पहली मौत है। 

चोरी छिपे पहुंचा घर- बताया जा रहा है कि उक्त युवक शनिवार को ही उत्तरप्रदेश के महोबा से लौटा था। जहां वह मजदूरी करने गया था प्रदेश के बार्डर तक युवक जैसे तैसे पहुंचा और रेणीपहरी बार्डर के पास से मृतक का भाई बाईक से उसे घर लेकर पहुंचा था। देर रात उसकी उसे सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। परन्तु परिजनो द्वारा इसकी जानकारी अल सुबह अस्पताल को दी गई। जिस पर अस्पताल के एम्बुलेंस से अस्पताल लाया गया था। जहां जांच उपरांत कोरोना संक्रमित होने पर कोविड अस्पताल भेजा जा रहा था कि रास्ते में मौत हो गई। 

ओड़गी में गिरे दुकानो के शटर, सड़को में पुलिस तैनात- कोरोना संक्रमित युवक की मौत के बाद ओड़गी ब्लाक मुख्यालय में एहतियात व सुरक्षा बरती जा रही है। बताया जा रहा है कि बिहारपुर से सूरजपुर लाते वक्त युवक 20 वर्षीय पुरषोत्तम सिंह की ओड़गी के पूर्व रास्ते में मौत हो गई। जिसके बाद युवक के शव को ओड़गी अस्पताल में रखकर अस्पताल आने जाने वाले मार्ग को अस्थाई रूप से सील कर दिया गया है। उधर किसी को भी आने जाने नही दिया जा रहा है। इसके लिए सड़क पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है। ओड़गी में दहशत का आलम यह है कि लोगों ने बगैर लाॅकडाउन के शटडाउन कर दिए हैं। जिससे सड़को में विरानी छा गई है। ओड़गी के लोग इस घटना के बाद लाॅकडाउन की बात भी करने लगें है। कुछ लोगों का कहना है कि ओड़गी साप्ताहिक बाजार में दूर दराज यहां तक की दूसरे जिले से भी लोग बड़े पैमाने पर पहुंचते है। ऐसे में खतरा बना हुआ है। संपूर्ण लाॅकडाउन न सही पर बाजारो को कुछ दिनो के लिए बंद कराया जाना उचित होगा। इधर देर शाम ओड़गी अस्पताल से वापस बिहारपुर के लिए शव को उसी एम्बुलेेंस से रवाना कर दिया गया है। बताया गया है कि एसडीएम प्रकाश सिंह राजपूत के साथ प्रशासनिक अमला भी बिहारपुर के लिए रवाना किया गया है। जहां प्रषासन की निगरानी में मृतक का अंतिम संस्कार किया जाएगा।  

Categorized in: