बलरामपुर  मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन श्री अमिताभ जैन ने कोरोना संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण तथा कोविड वैक्सीनेशन के संबंध में कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों के समन्वय से कोविड वैक्सीनेशन में प्रगति लाने तथा लक्ष्य प्राप्ति हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिये। वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा वैक्सीन उपरांत भी कोविड-19 अनुरूप व्यवहार अपनाने के लिए लोगों को जागरूक करने को कहा। मुख्य सचिव श्री जैन ने नाईट कर्फ्यू का पूर्ण रूप से पालन तथा मास्क न पहनने पर निर्देशानुसार कार्यावाही करने की बात कही। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष के अधिक आयु के लोगों को टीका लगाने की शुरूआत हो चुकी है, इसलिए टीकाकरण के लिए लोगों को प्रेरित करने तथा टीकाकरण केन्द्रों में पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश कलेक्टरों को दिये। साथ ही आवश्यकता अनुरूप आईसीयू तथा ऑक्सीजन युक्त बिस्तरों की व्यवस्था कोविड केयर सेन्टरों में सुनिश्चित करने को कहा। ताकि किसी भी आपात स्थिति में उनका उपयोग किया जा सके। मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने जिलेवार कलेक्टरों से चर्चा करते हुए कोविड संक्रमण की वर्तमान स्थिति, वैक्सीनेशन की व्यवस्था व प्रगति तथा प्रतिबंधात्मक निर्देशों के परिपालन में किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने समस्त संभाग आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों तथा पुलिस अधीक्षकों को स्थानीय स्तर पर संक्रमण के रोकथाम के लिए यथोचित कार्यवाही करने तथा लोगों को कोविड-19 अनुरूप व्यवहार के लिए जागरूक करने को कहा।

Categorized in: