अंबिकापुर। दुनियाभर में कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है। अब तक किसी भी देश में कोरोना वायरस की वैक्सीन या दवा तैयार नहीं की गई है। लॉकडाउन, घरों पर रहकर, सामाजिक दूरी बनाकर और जरूरी उपायों के जरिए ही इस महामारी से बचा जा सकता है। इस बीच खुद को वैद्य बताने वाला एक व्यक्ति ७२ घंटे में कोरोना से पीडि़त लोगोंं को ठीक करने का दावा करते हुए अपने द्वारा बनाई गई दवा का प्रचार-प्रसार कर रहा था। पुलिस को इसकी जानकारी होने पर उसके खिलाफ कोरोना वायरस को लेकर गलत अफवाह फैलाने के मामले में अपराध दर्ज किया गया है। शहर में लॉकडाउन व धारा १४४ लागू है। इस बीच जरूरी सेवा की दुकानों को छोडक़र अन्य सभी दुकानें बंद हैं। लोगों का सडक़ पर निकलना भी प्रतिबंध है। इस बीच खुद को वैद्य बताने वाला मो. काजिम ७२ घंटे में कोरोना पीडि़तों को ठीक करने का दावा कर प्रचार-प्रसार कर रहा था। मो. काजिम की शहर के घड़ी चौक के समीप चिराग हर्बल फार्मास्यूटिकल्स की दुकान है। वह अपने द्वारा निर्मित की गई औषधियों को दुर्लभ बताकर कोरोना जैसे रोग को ठीक करने का दावा किया जा रहा था। भ्रामक प्रचार-प्रसार की जानकारी जब कोतवाली पुलिस को हुई तो मामले की जांच की। जांच में वैद्य द्वारा भ्रामक प्रचार-प्रसार करना पाया गया। कोतवाली टीआई विलियम टोप्पो ने वैद्य खिलाफ धारा १८८ के तहत कार्रवाई की है।

Categorized in: