अम्बिकेश गुप्ता / कुसमी मुख्यालय से लगे ग्राम सेमरा में नवनिर्मित एसडीओपी कार्यालय के समीप मिर्ची खेत से काम कर पैदल घर लौट रहे युवक की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई. जबकी बाइक सवार दो युवक भी गम्भीर रूप से घायल हो गए घायलो को कुसमी पुलिस ने अस्पताल पहुँचाया यहाँ से गम्भीर हालत होने से उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार बीच पारा सेमरा निवासी 19 वर्षीय गणेश पैकरा पिता धीरज पैकरा जो गाँव के अन्य साथियों के साथ मंगलवार को मिर्ची खेत में काम करने गया था. वहाँ से होकर देर शाम को सभी पैदल चलकर अपने घर लौट रहे थे इसी दौरान जब वे सेमरा के समीप एक निजी स्कूल व नव निर्मित एसडीओपी कार्यालय के समीप पहुँचे थे. कुसमी के तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक क्रमांक सीजी 15 ई 5240 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए गणेश पैकरा को पीछे से टक्कर मार कर खुद भी गिर कर उसी हालत में सभी बाइक के साथ घसीटते हुए काफी दूर चले गए. दुर्घटना में गणेश पैकरा को सर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गम्भीर चोट लगने की वजह से मौके पर ही मौत हो गई. जबकी बाइक चला रहे ग्राम करमी कवरटोली निवासी बैजनाथ कसियत पिता शिवा व पीछे बैठे ग्राम सरगवा थाना शंकरगढ़ निवासी बिराज सेन पिता माणिक सेन भी गम्भीर रूप से घायल हो गए.


नही मिली एम्बुलेंस की सुविधा, फिर कुसमी पुलिस ने दिखाया मानवता

घटना के बाद गणेश के साथियों ने संजीवनी 108 में फोन लगाया लेकिन वहाँ से एम्बुलेंस खराब होने की बात कही गई। घटना की जानकारी होते ही थाना प्रभारी कुसमी नसीमुद्दीन दल बल के साथ मौके पर पहुँचकर घायलो को तत्काल अपने पुलिस वाहन से कुसमी अस्पताल पहुँचाया। लहूलुहान घायलों से पुलिस के ड्रेस भी खून से लतपत हो गए थे. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सको के नही होने से घायलो का उपचार देर से शुरू हुआ. अस्पताल में ड्रेसर के नही होने से घायलो के जख्मो में करीब डेढ़ घण्टे बाद टांका लगाना शुरू किया गया. घायलों के गम्भीर हालत को देखते हुए चिकित्सको ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर रेफर किया गया। लगातार एम्बुलेंस की सुविधा आपातकालीन स्थिति में नहीं मिलना क्षेत्रवासियों के लिए परेशानियों का सबब बन गया हैं।

Categorized in: