बिश्रामपुर। महीने भर पूर्व ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर के तलवापारा में एक महिला वार्ड पंच द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जा हटाए जाने के बाद महिला वार्ड पंच द्वारा पुनः उक्त स्थल पर ही अवैध कब्जा शुरू कर दिया गया है। महिला वार्ड पंच द्वारा पुनः अवैध कब्जा का प्रयास किए जाने उपरांत अब कोई कार्यवाही नहीं होने से एसईसीएल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर तलवापारा में रविवारीय साप्ताहिक बाजार में एसईसीएल के लीज भूमि पर ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर के वार्ड क्रमांक सात की वार्ड पंच अनिता सिंह द्वारा जबरन अवैध रूप से कब्जा करके निर्माण किए जा रहे दुकान पर पिछले दिनों 4 अप्रैल को एसईसीएल प्रबंधन द्वारा सुरक्षा अधिकारी के निर्देश पर अवैध कब्जा हटाए जाने की कार्यवाही की गई थी। जिस पर उक्त महिला वार्ड पंच द्वारा अवैध कब्जा हटाए जाने के दौरान काफी हंगामा भी मचाया गया था, जिसके बाद एसईसीएल प्रबंधन की ओर से तहसीलदार सुरजपुर व पिलखा नायब तहसीलदार को ज्ञापन देकर उक्त अवैध अतिक्रमण पर कार्यवाही की मांग की गई थी। एसईसीएल प्रबंधन की मांग पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कोई उचित पहल नहीं किए जाने पर उक्त महिला वार्ड पंच द्वारा पुनः अवैध अतिक्रमण कार्य को प्रारंभ करके एडवेस्ट सीट छज्जा पर डलवाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मजे की बात यह है कि उक्त निर्माणाधीन दुकान के समीप स्थित सड़क से ही प्रतिदिन एसईसीएल अधिकारियों का आवागमन होता है, बावजूद इसके उक्त अवैध अतिक्रमण का निर्माण कार्य पुनः शुरू होने के बाद आज तक किसी की भी नजर इस ओर नहीं गई, इससे एक बड़ा सवाल खड़ा होता है।
पहले से महिला वार्ड पंच ने किया है कब्जा
बताया जा रहा है कि उक्त महिला वार्ड पंच द्वारा पहले से ही यहां पर एक दो दुकान एसईसीएल की लीज भूमि पर अवैध अतिक्रमण करके बनाया गया है, जिसे कथित रूप से किराए पर दिया गया है। हालांकि यह जांच का विषय है। बताया जा रहा है कि उक्त महिला वार्ड पंच के खिलाफ अवैध अतिक्रमण हटाए जाने की मांग को लेकर वार्डवासियों द्वारा एसईसीएल प्रबंधन के अलावे पंचायत में भी शिकायत कर चुके हैं।

Categorized in: