अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सरहदी गांव केरजू में गुरूवार की रात नकाबपोशों ने कांग्रेस नेता के घर में मौजूद महिला सदस्यों से नकदी सहित लगभग दो लाख रुपये के जेवरातों की लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपित मोटरसाइकिल में बैठकर भाग निकले। दहशत में रही महिला सदस्यों ने नकाबपोश लुटेरों के जाने के बाद इसकी जानकारी आसपास के लोगों व स्वजनों को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस लुटेरों की तलाश में लगी है।
जानकारी के अनुसार सीतापुर थाना अंतर्गत ग्राम केरजू निवासी कांग्रेस नेता सुरेंद्र गर्ग का घर से लगा दुकान है। दुकान में गुरूवार की रात लगभग आठ बजे सुनीता गर्ग व दुकान में काम करने वाला एक पुरूष कर्मचारी था। इसी बीच अचानक दुकान में दो नकाबपोश पहुंचे और दुकान में बैठी सुनीता गर्ग के सिर पर कट्टा अड़ा दिया, जिससे दुकान में मौजूद कर्मचारी भयभीत हो गया। उन्होंने सुनीता गर्ग के गले सेे सोने की चैन व कान की बाली बलपूर्वक हासिल कर लिया। इसके बाद डकैत सुनीता गर्ग व कर्मचारी को घर के भीतर ले गए। यहां नकाबपोश लुटेरों ने हथियार के दम पर उनकी बहू प्रियल को धमकाया और उनके गले से भी सोने का चैन व कान की बाली कब्जे में लेने के बाद घर में रखा 50 हजार रुपये नगद भी ले गए। लूट की शिकार हुई महिलाओं ने अपराधियों के जाने के बाद मामले की जानकारी स्वजनों व पुलिस को दी। घटना क्षेत्र सरगुजा और जशपुर जिले की सीमा से लगे होने के कारण सीतापुर व कांसाबेल पुलिस गांव में जांच के लिए पहुंची।
पुरूष सदस्य गए थे बाहर-
कांग्रेस नेता सुरेंद्र गर्ग के घर के पुरूष सदस्य घर से बाहर गए थे, संभवत: इसकी जानकारी डकैती की तर्ज पर घर में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले नकाबपोशों को थी। घटना के समय घर पर सुरेंद्र गर्ग की पत्नी सुनीता गर्ग व बहू प्रियल गर्ग मात्र थीं। सुरेंद्र गर्ग का घर से लगा किराना दुकान है, जहां कर्मचारी के साथ सुनीता गर्ग मौजूद थी। सुनीता कुछ समझ पाती इसके पहले हथियार से लैस नकाबपोश ने इन पर कट्टा सटा दिया, जिससे वे भयभीत हो गईं। दूसरे नकाबपोश ने दुकान के कर्मचारी को कवर करके रखा था।
दो घर में घुसे, एक बाहर दे रहा था पहरा-
लूट की शिकार हुई महिलाओं व दुकान के कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि लूटपाट के लिए दुकान से होते घर के अंदर तक दो नकाबपोश आए थे, एक व्यक्ति बाहर बाइक के साथ मौजूद था जो निगरानी में लगा था। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों नकाबपोश बाहर मौजूद तीसरे साथी के साथ बाइक पर बैठकर अंधेरे में भाग निकले। घटना की जानकारी रायपुर गए स्वजनों को मिलने पर वे गृहग्राम पहुंचे।
सुबह भी घटनास्थल पहुंची पुलिस-
शुक्रवार की सुबह भी सीतापुर एसडीओपी सहित पुलिस टीम केरजू में घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंची थी। पुलिस टीम को पूरा संदेह है कि आरोपित गांव या आसपास के ही क्षेत्र का कोई व्यक्ति हो सकता है। पुलिस को घटना को जिस तरीके से अंजाम दिया गया है, उससे अपराधियों के संबंध में कुछ अहम जानकारी मिली है, तस्दीक के बाद पुलिस किसी बड़े नतीजे पर पहुंच सकती है। पुलिस अधिकारी आरोपितों के जल्द गिरफ्तार होने की संभावना जता रहे हैं।
स्थानीय हो सकते हैं आरोपित-एएसपी
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक व पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला अपने सहयोगी पुलिस अधिकारियों के साथ मामले में शामिल आरोपितों की तहकीकात में लगे हैं। उनका कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिससे आरोपितों के स्थानीय होने की संभावना को बल मिल रहा है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद पुलिस अधिकारी जता रहे हैं।

Categorized in: