पुलिस को खबर के बाद चार घंटे से अधिक लग गए शव को मच्र्युरी पहुंचाने में
अंबिकापुर। नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंर्तगत प्रतापपुर मार्ग में निर्मोही माता-पिता ने एक नवजात बच्ची का शव झाडिय़ों में फेंक दिया। स्थानीय लोगों की नजर नवजात बच्ची के शव पर पड़ी जिसे कुत्ते के झुंड नोचकर क्षत-विक्षत कर दिए थे। कुत्तों की आवाज सुनकर जब पास ही रहने वाली महिला शीला राजवाड़े झाडिय़ों की ओर गई तो नवजात बच्ची के लहूलुहान शव को नोचने के लिए कुत्ते आपस में संघर्ष कर रहे थे। महिला ने तत्काल घटना की सूचना वार्ड पार्षद हरमिंदर सिंह टिन्नी को दी। इसकी सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद मौके पर पहुंच गए। लगभग डेढ़ बजे मामले की जानकारी पुलिस को लगी, इसके बाद डॉयल 112 की टीम मौके पर पहुंची। हद तो तब हो गई जब मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने शव को बरामद करने के बजाए घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को देने कह मौके से रवाना हो गई। पुलिस के रवैये से नाराज वार्ड पार्षद मामले की जानकारी देने कोतवाली पहुंचे। थाने की प्रक्रिया को पूर्ण करने में शाम पांच बज गया, तब तक नवजात बच्ची का शव घंटों झाडिय़ों में ही पड़ा था। इस घटना के सामने आने के बाद आसपास के लोगों ने इस बात के लिए नाराजगी जाहिर की है कि आखिर में किसने इस प्रकार की मानवता को शर्मशार करने वाली घटना को अंजाम दिया है। लोगों ने ऐसे मामलों में पुलिस की लेट-लतीफी पर भी सवाल उठाया है।

Categorized in: