सामान्य प्रशासन विभाग ने कलेक्टर एमसीबी को विधायक के पत्र पर आवश्यक कार्यवाही करने के दिये निर्देश….

विधायक का पत्र सोसल मीडिया में वायरल होने के बाद मनेन्द्रगढ़ के लोगों में भड़का गुस्सा..

बैकुंठपुर- एमसीबी जिले में मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ विनय जायसवाल के एक पत्र  से बवाल मच गया है। जिसमें उन्होंने एमसीबी जिले के 13 महत्वपूर्ण कार्यालय चिरमिरी में संचालित किए जाने के सम्बंध में मुख्यमंत्री से मांग की है। विधायक का पत्र सोसल मीडिया में वायरल होने के बाद मनेन्द्रगढ़ के लोगों में गुस्सा भड़क गया। लोग अपनी तरह से इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। दअरसल अगस्त 2022 में 13 जिला कार्यालय चिरमिरी में खुलवाने के लिए विधायक विनय जायसवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। सामान्य प्रशासन विभाग ने कलेक्टर एमसीबी पीएस ध्रुव को विधायक के पत्र पर आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देश दिए हैं। विधायक ने जो 13 कार्यालय खोलने की मांग की है वह अभी मनेंद्रगढ़ जिला मुख्यालय में संचालित हो रहे हैं। और ये ऐसे कार्यालय हैं, जहां कलेक्टर बैठते हैं, ये वही होते हैं। विदित हो कि मुख्यमंत्री भुपेश बघेल ने 15 अगस्त 2021 को मनेंद्रगढ़ को जिला बनाने की घोषणा की। जिला की घोषणा के बाद क्षेत्रवासी रायपुर  पहुंचकर मुख्यमंत्री का आभार जताया था। इस दौरान विधायक डॉ  विनय जायसवाल और चिरमिरी के लोगो के मांग पर मनेंद्रगढ़ के साथ चिरमिरी का भी नाम जोड़ दिया गया। फिर भरतपुर विधायक गुलाब कमरो के आग्रह पर मनेंद्रगढ़ चिरमिरी के साथ भरतपुर भी जुड़ गया। इसके बाद ज़िले का नाम मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर ( एमसीबी ) हो गया।

उल्लेखनीय है कि मनेन्द्रगढ़ को जिला बनाने की मांग लगभग 4 दशक पुरानी है। लंबे संघर्ष के बाद स्थानीय लोगों को जिले की सौगात मिली। कोरिया जिला बनने के पहले से जिला बनाने की मांग सबसे पहले मनेंद्रगढ़ वासियों ने 40 साल पहले की थी। इस दौरान कर्फ्यू भी लगा था। कांग्रेस से मनेन्द्रगढ़ विधायक रहे स्व गुलाब सिंह अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर भी बैठे थे।  जिला के शुभारंभ अवसर पर लोगों ने खुशी का इजहार करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का ऐतिहासिक स्वागत किया। जिला गठन के  बाद अब विभिन्न जिला स्तरीय कार्यालयों को लेकर लड़ाई हो रही है। जबकि अभी कलेक्टोरेट समेत सभी विभाग मनेंद्रगढ़ में संचालित हो रहे है।

मनेंद्रगढ़ विधायक विनय जायसवाल द्वारा 13 कार्यालयों को चिरमिरी में खोलने की मांग को लेकर जो पत्र मुख्यमंत्री को लिखा है वह पत्र वायरल होते ही लोग सोशल मीडिया में चर्चाओं का दौर जारी हो गया है। गौरतलब है कि विनय जायसवाल चिरमिरी के रहने वाले है वह भी मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। लेकिन सबसे बड़ा शहर मनेंद्रगढ़ है। वहीं कुछ जिला स्तरीय कार्यालय भरतपुर-जनकपुर में भी खोले जाने की मांग उठ रही है।

Categorized in: