झामुमो नेता का कत्ल कर हुए थे फरार

गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। झारखंड के चिनिया में 20 अक्टूबर की शाम झामुमो नेता और पंचायत के मुखिया के पति की गोली मारकर हत्या के बाद फरार निगरानीशुदा बदमाश एवं उसके सहयोगी को बलरामपुर जिले के चांदो थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों से पांच लाख रुपये बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी उत्तर प्रदेश और झारखंड का निगरानीशुदा बदमाश है। उत्तर प्रदेश में उसे देखते ही गोली मारने का आदेश भी जारी किया गया है।अयूब अंसारी को गंभीर अवस्था में गढ़वा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतक अयूब अंसारी झारखंड में सत्तासीन झामुमो के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य थे। उन्हें गंभीर अवस्था में गढ़वा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के चिनिया में 20 अक्टूबर की शाम तीन बदमाशों ने चिनिया की मुखिया के पति अयूब अंसारी को मस्जिद की ओर जाते समय गोली मार दी थी। अयूब अंसारी को गंभीर अवस्था में गढ़वा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। अयूब अंसारी झारखंड में सत्तासीन झामुमो के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य थे।
झारखंड सरकार ने हत्याकांड के आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। झारखंड पुलिस हत्या के बाद फरार मुख्य आरोपित सद्दाम खान एवं उसके दो साथियों की तलाश में लगी थी एवं कॉल ट्रेस कर इनका मोबाइल लोकेशन लिया जा रहा था। इस बीच बलरामपुर पुलिस को झारखंड पुलिस से पता चला कि सद्दाम एवं उसके साथी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंदरी में छिपे हैं। सूचना पर चांदो थाना प्रभारी विजय कैवर्त की पुलिस टीम ने छापा मारकर मुख्य आरोपित सद्दाम खान व उसके एक सहयोगी को कन्दरी से गिरफ्तार किया है। एक आरोपित मौके से जंगल की ओर फरार हो गया।
झारखंड पुलिस को सौंपे गए आरोपित
चांदो थानेदार विजय कैवर्त ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से पांच लाख रुपये नकद बरामद किया गया है। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि झामुमो नेता की हत्या के बाद वे भागकर छत्तीसगढ़ आ गए थे। उन्होंने सूरजपुर और बरियों के आरा में भी शरण ली थी। पकड़े जाने के डर से लगातार वे अपना ठिकाना बदल रहे थे।
उत्तर प्रदेश में देखते ही गोली मारने के आदेश
झामुमो नेता अयूब अंसारी की हत्या का मुख्य आरोपी सद्दाम खान उत्तर प्रदेश में कई अपराधों में शामिल रहा है। उत्तर प्रदेश में उसे देखते ही गोली मारने का आदेश है। इधर झारखंड में सद्दाम को कई दिग्गजों का संरक्षण मिलने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। झामुमो नेता की हत्या कर वे छत्तीसगढ़ में सुरक्षित ठिकाने की तलाश में छिपे थे, हालांकि मोबाइल नंबरों को लगातार ट्रेस किए जाने के कारण सद्दाम व उसके साथियों तक पुलिस पहुंच गई।

Categorized in: