लड़कियों से ब्रेकअप के आवेश में आकर 26 जनवरी को दिया वारदात को अंजाम
मृतक के दो और साथियों को मारने की तलाश में चाकू लेकर घूम रहा था आरोपी

अंबिकापुर। लड़कियों से बे्रकअप का आवेश इतना कि महज 18 साल का युवक अपने साथी की हत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया। इतना ही नहीं हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद लाश को कंधे में ढोकर खेत में फेंक दिया और मृतक के दो अन्य साथियों को मारने की नीयत से चाकू लेकर खोज रहा था। इधर पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उसे गिरफ्त में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कातिलाना अंदाज में यहां तक कह डाला कि दो घंटे का समय दे दो, दोनों को निपटा कर आता हूं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना मणीपुर एवं स्पेशल टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त जैकेट व जैकेट का रस्सी बरामद किया है।
बता दें कि कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले आशीष लकड़ा 16 वर्ष निवासी बंजारी, लक्ष्मीपुर की हत्या गला घोंटकर की गई थी। रविवार, 28 जनवरी को मृतक के पिता करमा लकड़ा ने थाना मणीपुर में आकर सूचना दी थी कि उसके लड़के का शव हरिहर पुरिया के धान खेत में पड़ा है। इसकी सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को देने के बाद मणिपुर थाना पुलिस, नगर पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में एफएसएल टीम, डॉग स्क्वाड, स्पेशल टीम द्वारा इन्वेस्टीगेशन किट के साथ मौके पर पहुंची। मृतक के गले में लिगेचर मार्क का होना पाया गया। घटनास्थल को साक्ष्य एकत्र करने की दृष्टि से पुलिस ने सुरक्षित कर लिया था। प्राथमिक जांच व पोस्टमार्टम के बाद प्राप्त रिपोर्ट में मृत्यु की प्रवृत्ति हत्यात्मक पाने पर मामले में तत्काल थाना मणीपुर में धारा 302 भादवि का केस दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने आरोपी की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में पुलिस टीम को जिम्मेदारी सौंपी थी। पुलिस टीम ने मृतक के स्वजनों एवं अन्य गवाहों का बयान दर्ज किया। इस दौरान अंतिम बार मृतक को दोस्तों के साथ देखने की जानकारी मिली। संयुक्त पुलिस टीम ने मृतक के दोस्तों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और बारीकी से पूछताछ करने पर संदेही वीरेंद्र कुमार नागवंशी उर्फ लादेन पिता कुलदीप मुंडा 18 वर्ष 03 माह, निवासी बंजारीपारा लक्ष्मीपुर को हिरासत में ली। घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया मृतक उसके जान-पहचान की लड़की से बातचीत एवं मेलजोल रखता था, इससे नाराज होकर वह हत्या की घटना को 26 जनवरी को देर शाम अंजाम दिया था। हत्या के पहले वह मृतक को शराब पिलाया और हरिहर पुरिया के धान खेत में ले जाकर जैकेट के रस्सी से गला घोंट दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक प्रेम सागर खुटिया, सहायक उप निरीक्षक द्वय विवेक पांडेय, नवल किशोर दुबे, बबलू कुजूर, ललन प्रसाद गुप्ता, प्रधान आरक्षक महेश्वर सिंह, भोजराज पासवान, विपिन तिवारी, आरक्षक अतुल शर्मा, सत्येंद्र दुबे, अमित विश्वकर्मा, विकास सिंह, संजीव चौबे, जितेश साहू, कुश कुमार सोनी, सुरेश कुमार, इम्तियाज अली, प्रताप सिंह, सैनिक दिनेश यादव शामिल रहे।

Categorized in: