रामानुजगंज(विकाश कुमार केशरी) रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कुशफर में पंचायत की बड़ी लापरवाही से 11 वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई ग्राम पंचायत के द्वारा पुलिया का निर्माण कराया जा रहा था जिसके लिए अनावश्यक रूप से बड़ा गड्ढा बीच सड़क में बना दिया गया था जिसमें नहाने गई बच्ची की जान चली गई घटना के बाद सनावल थाने में मर्ग कायम कर आज शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कुशफर के स्कूल पारा में पनघट नाला में ग्राम पंचायत के द्वारा 12 लाख रुपए लागत से पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है जिसके लिए करीब 20 दिन पूर्व बड़ा गड्ढा अनावश्यक रूप से कर दिया गया था जिसे तत्काल भर देना चाहिए था परंतु पंचायत की लापरवाही से बीच सड़क में किया गया गड्ढा भरा नहीं गया जिससे इस गड्ढे में करीब 5 फीट पानी भर गया जहां सोमवार के दोपहर 2:30 बजे के करीब कन्हाई सिंह की 11 वर्षीय बेटी बबीता नहाने के लिए यहां आई जहां पर डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी जैसे गांव में फैली मातम पसर गया घटना की सूचना पर सनावल थाने से पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। सनावल थाने में घटना पर मर्ग कायम कर आज शव का रामानुजगंज में डॉक्टर शरद गुप्ता द्वारा पोस्टमार्टम किया गया पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में सनावल थाना प्रभारी अमित बघेल ने कहा कि घटना पर मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया गया है वही मामले की विवेचना की जा रही है यदि लापरवाही से बच्ची की जान गई है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध 304 A के तहत मामला पंजीबद्ध किया जाएगा।

कब रुकेगा मासूमों की मौत का सिलसिला- क्षेत्र में लगातार मासूमों के डबरी तालाब में नहाने के दौरान मौत हो रही है कुछ दिन पूर्व ही देवगई में दो मासूम बच्चियों की मौत हुई थी जिसे लोग अभी भुला भी नहीं पाए थे कि कुशफर में घटना घट गई। वही कनकपुर में भी एक मासूम बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हुई थी।

सिलाजु में एक साथ 3 मासूम बच्चियों की हुई थी मौत मुख्यमंत्री ने भी जताया था दुख- करीब 1 माह पूर्व ग्राम पंचायत सिलाजु में तीन मासूम बच्चियों का तालाब में डूबने से मौत हुई थी घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी गहरा दुख जताया था।

जन जागृति की है आवश्यकता- जिस प्रकार से क्षेत्र में लगातार तालाब एवं देवरी में डूबकर मासूम बच्चों की मौत हो रही है इसे लेकर प्रशासन को अब जनजागृति यह जाने की आवश्यकता है ताकि अभिभावक अपने बच्चों को तालाब में एवं डबरी में नहाने जाने से मना करें। साथ में पंचायतों को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है जहां पर पानी का जमाव अधिक हो गया हो उसे घेराव कर दे ताकि बच्चे वहां नहीं जा सके।

लापरवाही पर भी हो कार्यवाही- जिस प्रकार से ग्राम पंचायत कुशफर में घटना हुई है उसकी निश्चित जवाबदारी पंचायत की है यदि पंचायत के द्वारा पुलिया निर्माण के लिए बड़ा गड्ढा करवाया गया था तो उसे तत्काल कार्य होने के बाद क्यों नहीं भरवाया गया यदि पंचायत के द्वारा गड्ढा भरवा दिया जाता तो ऐसी हृदय विदारक घटना नहीं घटती।

Categorized in: