केंद्र सरकार के 12 साल पूर्ण होने पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने गिनाई उपलब्धियां

  • मनेंन्द्रगढ़ (एमसीबी) । केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को एमसीबी भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष चम्पा देवी पावले की अध्यक्षता में आयोजित प्रेसवार्ता में पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है । प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जनता का लगातार विश्वास मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में जनता ने लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है. यह सरकार की नीतियों और कार्यों पर जनता के विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को केंद्र सरकार ने धरातल पर उतारने का काम किया है । जनधन से लेकर आयुष्मान तक योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रेस वार्ता के दौरान उज्जवल दीपक ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए, जिससे वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला । प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंचाई गई, जिससे पारदर्शिता बढ़ी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा । उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन को जनकल्याण की महत्वपूर्ण योजनाएं बताया ।

किसानों, महिलाओं और युवाओं पर विशेष फोकस

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड, सूक्ष्म सिंचाई और कृषि सिंचाई योजनाओं के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाया गया है । वहीं महिलाओं के लिए लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी पहलें शुरू की गईं । युवाओं और छोटे उद्यमियों के लिए मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा योजना को रोजगार और स्वरोजगार बढ़ाने वाला कदम बताया ।

आधारभूत संरचना में तेजी से हुआ विस्तार

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे नेटवर्क, मेट्रो सेवाओं और हवाई अड्डों के विकास में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है । वंदे भारत ट्रेन, अमृत भारत स्टेशन योजना, अटल टनल, चेनाब ब्रिज और भारतनेट जैसी परियोजनाओं ने देश की आधारभूत संरचना को नई मजबूती प्रदान की है । डिजिटल इंडिया अभियान के तहत गांवों तक इंटरनेट और तकनीकी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं ।

सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव पर भी जोर

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नए संसद भवन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और हर घर तिरंगा जैसे अभियानों ने राष्ट्रीय गौरव को नई पहचान दी है । उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों के आंकड़े नहीं हैं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं । भाजपा प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने कहा कि मोदी सरकार की अनगिनत उपलब्धियां हैं जिनको गिनाने 4 से 5 घंटे लगेंगे। पीएम मोदी ने अपने 12 साल के कार्यकाल में भारत का जीर्णोद्धार कर नये भारत का निर्माण किया है। भाजपा की प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता उज्जवल दीपक के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशीष सिंह, भाजपा जिला महामंत्री आशीष मजुमदार, भाजपा जिला प्रवक्ता जमुना पाण्डेय, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रामचरित द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।

Categorized in: