नवपदस्थ आईजी ने सूरजपुर जिले में पुलिस अधिकारियों की ली वर्चुअल बैठक


थानों का औचक निरीक्षण, आमजनता से मधुर संबंध, अपराधियों में हो खौफ पुलिस का

अंबिकापुर। सरगुजा रेंज के नवपदस्थ पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने सूरजपुर जिले का भ्रमण कर पुलिस अधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली। उन्होंने कहा घटना चाहे किसी भी थाना क्षेत्र की हो, सूचना पर त्वरित कार्रवाई करें। बीट प्रणाली को मजबूत करने पर उन्होंने जोर दिया है।
पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय सूरजपुर के सभाकक्ष में सभी थाना व चौकी प्रभारियों की वर्चुअल बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक सूरजपुर रामकृष्ण साहू ने आईजी को जिले की भौगोलिक स्थिति से अवगत कराया। बैठक के उपरांत आईजी सरगुजा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रक्षित केंद्र, सूरजपुर व विश्रामपुर थाने का भी औचक निरीक्षण किया। वर्चुअल मीटिंग मेें आईजी ने थाना-चौकी प्रभारियों का परिचय लेते हुए थाना क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, थाना-चौकी में तैनात बल, लंबित मामलों की जानकारी ली और समयावधि में मामले को निराकृत करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान आईजी ने आम जनता के बीच पुलिस की छवि को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना-दुर्घटना अथवा अपराध की सूचना को लेकर कोई फरियादी, आवेदक थाना आता है तो उसकी तत्काल सुनवाई की जाए, चाहे मामला किसी दूसरे क्षेत्र का ही क्यों न हो। विधि के अनुसार अपराध की सूचना पर शून्य में मामला पंजीबद्ध कर संबंधित थाने को विवेचना के लिए भेजी जाए, इससे आम जनता और पुलिस के बीच मधुर संबंध स्थापित होगा। पुलिस महानिरीक्षक ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। अपराध एवं अपराधियों को रोकने, बेसिक पुलिसिंग को और सशक्त करने, लंबित मामलों सहित चिटफंड के मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। चिटफंड के मामलों में आरोपितों की गिरफ्तारी में सक्रिय होकर कार्य करने कहा गया। चोरी-नकबजनी के मामले में गंभीरतापूर्वक आरोपितों की पतासाजी कर गिरफ्तारी एवं शत-प्रतिशत माल बरामद करने, महिला सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता तथा  सड़क दुर्घटना पर रोक लगाने के लिए जरूरी कदम उठाने व शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी मुख्यालय नंदिनी ठाकुर, एसडीओपी सूरजपुर प्रकाश सोनी, एसडीओपी ओडग़ी राजेश जोशी, एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
साइबर अपराध के प्रति करें जागरूक
पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने कहा है। साथ ही साइबर अपराध के मामले प्रकाश में आने पर त्वरित मामला पंजीबद्ध करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय दिखना चाहिए। आईजी ने कहा पदीय दायित्वों के निर्वहन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बीट प्रणाली मजबूत करने दिए टिप्स  
बैठक में आईजी सरगुजा ने कहा कि पुलिस का कार्य अपराधों पर अंकुश लगाना है। यह तभी संभव है, जब हम जांबाजी और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा  इसके लिए हममें से हर एक को अपने क्षेत्र में मेहनत और संवेदनशीलता से कार्य करना होगा। जिले में पुलिस की बीट प्रणाली को मजबूत करने के साथ ही सूचना तंत्र को भी प्रभावी बनाने के उन्होंने निर्देश दिए। बीट प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए हर थाने के बीट अधिकारी व जवान को अपने बीट में जाकर लोगों से जनसंपर्क करने और उनकी समस्या से अवगत होने के साथ ही संबंधित ग्राम की प्रत्येक गतिविधियों के बारे में जानकारी लेने, त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए बीट क्षेत्र के ग्रामीणों और पुलिस अधिकारी व जवानों का वाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए।

Categorized in: