अंबिकापुर। बुधवार को देर रात शराब के नशे में धुत्त स्कूटी सवार चार युवकों को गश्त में निकली पुलिस ने रोककर समझाइश देते हुए घर जाने कहा तो वे पुलिस से ही उलझ गए। इसके बाद चारों को पकड़कर थाने लाया गया, यहां से मुलाहिजा के लिए पुलिस इन्हें जब अस्पताल ले गई तो वहां पर आरोपितों ने एक पुलिस कर्मी को बेल्ट, हाथ-मुक्का से पीटना शुरू कर दिया। कोतवाली पुलिस ने मामले में चारों युवकों के विरूद्ध अपराध दर्ज लिया है।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली के एसआइ अशोक मिश्रा बुधवार की रात गश्त में अपने हमराह स्टाफ हरिराम यादव व धीरज सिंह के साथ गश्त पर निकले थे। रात करीब दो बजे पुराना बस स्टैंड से होते नए बस स्टैंड की ओर जा रहे थे, इसी दौरान गौरव पथ में पुलिस कर्मियों ने एक स्कूटी में सवार चार युवकों को नशे में हुड़दंग मचाते देखा, जो पुलिस वाहन की परवाह किए बिना नशे में मदहोश होकर शांति भंग करते आगे-आगे जा रहे थे। पुलिस ने इन्हें रोका और घर जाने कहा लेकिन ये पुलिस से उलझने लगे। इसके बाद चारों को पुलिस पकड़कर थाने ले आई थी। युवकों पर पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के पहले पुलिस ने इन्हें मुलाहिजा के लिए कागजी कार्रवाई कर अस्पताल भेजा। मुलाहिजा होने के बाद आरोपित पटेलपारा निवासी प्रवीण सिंह उर्फ प्रिंस सिंह ने आरक्षक हरिराम यादव से विवाद करना शुरू कर दिया। अन्य पुलिस कर्मियों द्वारा मामला शांत कराने का प्रयास करने तक बाकी युवक भी उक्त आरक्षक पर पिल पड़े।प्रवीण सिंह के साथ मौजूद पटपरिया निवासी आयुष पासवान, खटिकपारा नमनाकला निवासी राजेश राजवाड़े और शंकरगढ़ निवासी अभय यादव ने आरक्षक हरिराम यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रवीण सिंह द्वारा आरक्षक पर बेल्ट से भी वार किया गया। अन्य पुलिसबकर्मियों द्वारा बीच-बचाव कर मामला शांत कराया गया, इसके बाद आरोपितों को पुलिस फिर से थाने लेकर पहुंची और आरोपितों के विरुद्ध मामले में धारा 186, 353, 332, 506, 294 व 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस कर्मियों के साथ आए दिन मारपीट की घटनाओं के सामने आने के बाद समझा जा सकता है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं। पिछले एक-डेढ़ वर्ष में ऐसी घटनाओं में इजाफा हुआ है।

Categorized in: