राजेन्द्र ठाकुर बलरामपुर 

बलरामपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बसंतपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित धनवार चेकपोस्ट के समीप एक संदिग्ध ट्रक से भारी मात्रा में मादक पदार्थ डोडा बरामद किया है। जब्त किए गए 14 क्विंटल 44 किलोग्राम डोडा की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपए आंकी गई है।
थाना बसंतपुर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध ट्रक धनवार आरटीओ बैरियर के पास खड़ा है, जिसमें अवैध सामग्री हो सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 90 बोरियों में भरा हुआ मादक पदार्थ डोडा बरामद हुआ।
उक्त कार्रवाई पुलिस, आरटीओ तथा अन्य विभागों की संयुक्त टीम द्वारा की गई। सरहदी क्षेत्रों में लगातार चौबीसों घंटे पेट्रोलिंग एवं नाकाबंदी लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है, जिससे नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 107/2025 के तहत धारा 15(सी), 25, 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है एवं मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

Categorized in: