मनेंद्रगढ़ (शुद्धूलाल वर्मा)। एसइसीएल चिरमिरी क्षेत्र की करीब 16 साल से बंद पड़ी कुरासिया ओसीएम खदान में चोरी-छिपे कोयला उत्खनन करते समय चट्टान धंसकने से इसमें दबकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य लोग जान बचाकर वहां से भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और महिला का शव बाहर निकाला गया। मिली जानकारी के अनुसार कोयला नगरी चिरमिरी के कुरासिया ओसीएम डंप क्षेत्र में लगभग 16 वर्षों से कोयला खदान बंद पड़ी थी। यहां गुरुवार की दोपहर टिकरापारा बड़ा बाजार निवासी यासमीन बानो पति यूसुफ कुरैशी 40 वर्ष समेत कई महिला पुरुष अवैध रूप से कोयला निकालने गए थे। दोपहर लगभग 3.30 बजे कोयला निकालते समय अचानक चट्टान धसक गया। इससे यासमीन बानो दब गई। घटना के बाद अन्य लोग अपनी जान बचाकर भाग निकले और बस्ती में जाकर महिला के दबने की जानकारी दी। कोयले का चट्टान धसकने से दबी महिला को निकालने में कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि महिला को आवाज देकर वापस बुलाया गया, लेकिन चट्टान तेज गति से गिरने से महिला नहीं निकल सकी और चट्टान के नीचे दब गई। मामले की सूचना मिलने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक पीपी सिंह  घटना स्थल पहुंचे और मृत महिला के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ी बाजार भेज दिया था। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है !

Categorized in: