समाज के लोगों ने मांगी अमन-चैन की दुआ
अंबिकापुर। मुस्लिम समाज द्वारा ईद-उल-अजहा, बकरीद का त्यौहार अकीदत के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों द्वारा ईदगाह व मस्जिदों में बकरीद की दो रकत नमाज अता करने के साथ ही अमन-चैन की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने कब्रिस्तान में फातिहा पढ़ने के बाद कुर्बानी की रस्म अता की। बता दें कि मुस्लिम समाज द्वारा बकरीद के त्यौहार को लेकर लंबे समय से तैयारियां की जा रही थी। ईद-उल-अजहा को लेकर ईदगाह व मस्जिदों में कमेटियों द्वारा व्यापक पैमाने पर इंतजाम किए गए थे। ईद-उल-अजहा को लेकर इस बार लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ईद-उल-अजहा की नमाज को लेकर सुबह से ही समाज के लोग ईदगाह व मस्जिदों में पहुंचने लगे थे। ईदगाह में पेश इमाम द्वारा बकरीद के बारे में जानकारी देने के साथ ही लोगों को ईमान के रास्ते पर चलने, आपसी भाईचारे की सीख दी।
सोमवार को ईदगाह में सुबह 8.30 बजे बकरीद की नमाज अता की गई। इस दौरान जामा मस्जिद के पेश इमाम अबरार अहमद द्वारा ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज पढ़ाई गई, जबकि जामा मस्जिद में 9 बजे हाफिज व कारी असीमुद्दीन द्वारा नमाज पढ़ाई गई। तकिया शरीफ व केंद्रीय जेल में सुबह 9 बजे नमाज पढ़ाई गई। शहर के रसूलपुर स्थित नाजमिया मस्जिद में सुबह 7.30 बजे मोहम्मद सगीर अहमद मिस्बाही द्वारा नमाज पढ़ाई गई। इसके साथ ही शहर व जिले के ईदगाह, मस्जिदों में नमाज पढ़ाई गई। नमाज के बाद समाज के लोगों ने अपने व परिवार के सुख-समृद्धि के साथ ही देश में अमन-चैन व भाईचारे की दुआ मांगी। ईद-उल-अजहा के मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई व शुभकामनाएं दी। नमाज के बाद समाज के लोगों ने कब्रिस्तान में जाकर अपने परिवार के सदस्यों के कब्र पर फातिहा पढ़ने के बाद कुर्बानी की रस्म अता की। बकरीद को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन द्वारा भी ईदगाह व कब्रिस्तान में व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर अंजुमन कमेटी के सदर इरफान सिद्दीकी, अफजाल अंसारी, शकील अंसारी, परवेज आलम गांधी, इसाउद्दीन अंसारी, सादिक हुसैन, अमीर अंसारी आदि मौजूद थे।

Categorized in: