अम्बिकापुर। युवा कांग्रेस ने शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग, पी डब्ल्यू डी और नगर निगम की सड़कों के दुर्दशा को लेकर पीजी कॉलेज के सामने धरना प्रदर्शन और सांकेतिक चक्काजाम किया है। धरना प्रदर्शन के साथ ही सड़क पर बने गड्ढो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ ही भाजपा के चुनाव निशाना कमल फूल के फोटो को लगाकर डबल इंजन की सरकार के प्रति रोष जताया है।

अम्बिकापुर शहर की सड़कों की हालत एक लंबे अरसे से खस्ता हाल है। बरसात में इनकी स्थिति और बदतर हो गई है। सड़कों पर पानी से भरे बड़े बड़े गड्ढो से रोजाना कोई ना कोई दुर्घटना हो रही है। इन सड़कों के रख रखाव के लिये जिम्मेदार विभागों के उदासीनता का आलम यह है कि इनके द्वारा सड़कों की मरम्मत करना दूर की बात है ये सड़कों में बने गड्ढो में मालवा तक नहीं डलवा रहे हैं। कांग्रेस लगातार खराब सड़कों को लेकर आंदोलन कर रही है। इसी कड़ी में आज शुभम जायसवाल ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया।

नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि इन सड़कों के देखरेख हेतु जिम्मेदार विभाग भावना शून्य हो चुके हैं जिसके कारण स्थिति दयनीय हो गई है। इन विभागों की विफलता को लेकर उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की कि वो इन विभागों में समन्वय स्थापित कर सड़कों की खराब स्थिति से नागरिकों को राहत दिलाये। उन्होंने कहा कि अगर सड़क मरम्मत के लिए इन विभागों के पास फंड की कमी है तो जिला प्रशासन सांसद निधि, विधायक निधि, महापौर और पार्षद निधि सहित डी एम एफ फंड से सडकों के मरम्मत के लिए राशि उपलब्ध कराई जाये।

युवा कांग्रेस अम्बिकापुर ब्लॉक के अध्यक्ष शुभम जायसवाल ने कहा कि अम्बिकापुर 70 प्रतिशत सड़क जर्जर हो चुकी है। ट्रिपल इंजन की सरकार में विकास की ट्रिपल रफ्तार का नारा देकर निगम से देश की सत्ता तक पर काबिज भाजपा ने आम लोगों के साथ छलावा किया है। विकास के बजाय भाजपा की सरकारें भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है।

करीब डेढ़ घंटे चले इस धरना प्रदर्शन में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस अम्बिकापुर शहर अध्यक्ष हेमंत सिंहा , ब्लॉक कांग्रेस अम्बिकापुर ग्रामीण अध्यक्ष विनय शर्मा, आदि उपस्थित थे।

 

 

 

 

Categorized in: