श्रमिक बैठे हड़ताल पर, पुलिस और श्रमिकों के बीच भी हुई तीखी बहस

लखनपुर। थाना क्षेत्र में संचालित अमेरा कोयला खदान एक बार फिर कांट्रेक्टर और दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों के बीच लड़ाई-झगड़े को लेकर सुर्खियों में है, खदान में तनाव का माहौल बना हुआ है। दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों ने एलसीसी कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और हड़ताल पर बैठे हैं। सूचना पर देर रात एसडीओपी तुल सिंह पट्टावी टीम के साथ खदान पहुंचे। इन्होंने श्रमिकों को समझाइश देने का प्रयास किया, इसके बाद श्रमिक भड़क गए। पुलिस और श्रमिकों के बीच तीखी बहस हो गई।

जानकारी के अनुसार, अमेरा ओपन कास्ट परियोजना के पुन: प्रारंभ होने के बाद कोयले को जमीन से निकालने का कार्य एलसीसी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। बुधवार की रात एलसीसी कंपनी के कांट्रेक्टर और खदान में काम कर रहे दैनिक वेतन श्रमिकों के बीच खदान में ओवरटाइम काम करने की बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई। श्रमिकों ने आरोप लगाया है कि एलसीसी कंपनी के कांट्रेक्टरों द्वारा उनसे सुबह 06 बजे से शाम 06 बजे काम लिया जाता है, काम नहीं करने पर लाठी-डंडे का डर दिखाकर काम लिया जा रहा है। वहीं एलसीसी कंपनी के मैनेजर राघवेंद्र पांडेय की मानें तो श्रमिक शराब के नशे में धुत थे और हल्ला-गुल्ला, अभद्रता कर रहे थे। इसके बाद मजदूरों के साथ केवल हल्की धक्का-मुक्की ही हुई है। कंपनी के कौशिक बेकरिया, वेलजी बेकरिया, मंजी बेकरिया का साथ भी झूमाझटकी हुई है। मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें नियम के अनुरूप वेतन भुगतान नहीं किया जाता है और निर्धारित समय से अधिक जबरदस्ती काम लिया जाता है। कंपनी के मैनेजर का कहना है कि 8 घंटे से ऊपर ऐच्छिक ओवर टाइम करने पर भुगतान नियमानुसार किया जाता है। फिलहाल थाने में किसी प्रकार की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।

बीच-बचाव के लिए आए एसडीओपी
मजदूरों और कांट्रेक्टर के बीच हुई झड़प के बीच बुधवार की रात एसडीओपी सरगुजा को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा, कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ। एसडीओपी ने दोनों ही पक्ष को समझाइश देते हुए थाने में सूचना देने कहा है।

शराब के नशे में धुत थे मजदूर
एलसीसी कंपनी के मैनेजर राघवेंद्र पांडेय का कहना है कि मजदूर शराब के नशे में धुत थे, इसके बाद कर्मचारियों और मजदूरों के बीच हल्की धक्का-मुक्की की घटना हुई है।

हड़ताल से अमेरा खदान में काम बंद
घटना के बाद बुधवार की रात से अमेरा खदान के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के द्वारा काम बंद कर दिया गया है, जिससे लाखों के क्षति का अनुमान है।

मजदूर संघ के पदाधिकारी पहुंचे खदान
मजदूरों के साथ हुई घटना के बाद मजदूर इंटक के पदाधिकारी अमेरा खदान पहुंचे और पीड़ित मजदूरों से मुलाकात करके उनसे घटना के संबंध में जानकारी ली और अधिकारियों से चर्चा की है। खदान में काम करने वाले मजदूरों को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Categorized in: