*हत्या के बाद पुत्र को गुमराह कर भगा दिया था आरोपी पिता*
अंबिकापुर। छह महीने पूर्व अपनी पत्नी की हत्या कर फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कोरबा जिले के मोरगा से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी अपनी पत्नी के साथ अंबिकापुर शहर से लगे सांड़बार में रहता था। उसने पत्नी की हत्या कर शव आंगन में ही दफन कर दिया था। बेटा जब दादा-दादी के पास से लौटा तो पिता फरार था। उसने आंगन में दफन मां की लाश देखने के बाद पुलिस को सूचना दी थी।
     प्रार्थी द्वारा 5 नवंबर 2022 को थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि वह अपने दादा-दादी के साथ मनेन्द्रगढ़ में रहता है। उसे सूचना मिली कि उसके पिता संतोष टोप्पो ने मां सूरजमनी टोप्पो से मारपीट करने के बाद उसे कम्बल से ढककर रखा हैं। सूचना पर अपने घर सांड़बार आकर पिता से वह अपनी मां के बारे में पूछताछ किया तो प्रार्थी के पिता द्वारा मां के मनेन्द्रगढ़ चले जाने की बात कहते हुए उसे भगा दिया गया। परीक्षा होने के बाद वह वापस मनेन्द्रगढ़ आ गया, बाद में वापस घर सांड़बार आकर अपनी मां का खोजबीन किया तो पता नहीं चला, उसके पिता भी मौके से फरार थे। पांच नवंबर 2022 को घर के पीछे कुत्तो की आवाज सुनकर आंगन में आकर देखा तो उसकी मां का पैर जमीन से बाहर निकला दिखाई दिया। पिता संतोष टोप्पो द्वारा मां सूरजमनी की हत्या कर शव को दफ्न करने की आशंका पर तत्काल सदर धारा 302, 201 का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना में लिया।
        मामले को संज्ञान में लेकर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई हेतु एक विशेष टीम का गठन कर फरार हुए आरोपी की खोजबीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में शुरू हुई और पुलिस टीम ने आरोपी संतोष टोप्पो को बार-बार अपना स्थान बदलने के बाद भी मुखबीर की सूचना पर मोरगा जिला कोरबा से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पत्नी सूरजमनी से विवाद होने पर मारपीट कर हत्या कारित कर शव को आंगन मे दफ्न कर देना स्वीकार किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक प्रमोद कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक भूपेश सिंह, प्रधान आरक्षक सतीश कुमार सिंह, महेश्वर शरण सिंह, आरक्षक अतुल शर्मा, सुरेश कुमार गुप्ता शामिल रहे।

Categorized in: