भटगांव। पति-पत्नी के बीच का आपसी विवाद कुछ ऐसा रूप ले लिया कि मासूम बच्चे की जान चली गई, पत्नी की स्थिति गंभीर है। घटना ग्राम चंद्रपुर की है। पत्नी मायके जाने की जिद्द कर रही थी, जो पति को रास नहीं आया और वह पत्नी के साथ मासूम बच्चे पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मौके में पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।
जानकारी के मुताबिक शिवराम टोप्पो 24 का अपनी पत्नी ओमिता टोप्पो 22 से पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। पत्नी बार-बार मायके जाने की जिद्द कर रही थी, जिससे वह तनाव में था। सोमवार की सुबह 4 बजे दोनों के बीच बहस ने उग्र रूप ले लिया और गुस्से में आकर युवक ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी और बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में प्रियांशु 9 माह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं, जो संभवत: मासूम बच्चे को बचाने का प्रयास करते गंभीर रूप से जख्मी हुई। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाज़ुक बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से तनाव में था और पारिवारिक कलह के चलते उसने ऐसा कदम उठाया। पड़ोसियों के मुताबिक, दंपती के बीच आए दिन झगड़ा होते रहता था। किसी को यह अंदेशा नहीं था कि मामले का अंत इतना खतरनाक लेगा।
पारिवारिक तनाव बना गंभीर अपराध का कारक
घटनाक्रम और मौके का दर्दनाक नजारा देखने के बाद लोगों के मुंह से यही निकल रहा था कि पति-पत्नी के आपसी कलह में मासूम की जान चली गई, मां जिंदगी-मौत से जूझ रही है, महज़ इसलिए क्योंकि घरेलू तनाव समय रहते सुलझाया नहीं गया। यह घटना समाज को संदेश दे रहा है कि पारिवारिक विवादों को गंभीरता से लेना और समय पर हस्तक्षेप करना कितना ज़रूरी है। पारिवारिक तनाव गंभीर अपराधों को जन्म दे सकता है।

Categorized in: