नई दिल्‍ली : अगले महीने होने वाले तीन दिवसीय जी-20 शिखर सम्मेलन (G-20 Summit) से पहले दिल्ली को सजाने-संवारने को लेकर भाजपा और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के बीच घमासान छिड़ गया है. भाजपा का दावा है कि दिल्‍ली को सजाने-संवारने का काम केंद्र सरकार के फंड से किया गया है. इस पर AAP ने तीखा जवाब दिया है. वहीं भाजपा ने आम आदमी पार्टी को चुनौती देते हुए एक भी ऐसी परियोजना का नाम बताने के लिए कहा है, जिसे उनकी सरकार ने वित्त पोषित किया हो. उधर, आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक बयान में भाजपा पर गंदी राजनीति खेलने का आरोप लगाया है.

भाजपा के दावे पर आम आदमी पार्टी का आधिकारिक बयान सामने आया है. इसमें पार्टी ने कहा, “यह देखकर हैरानी होती है कि भाजपा को आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को भी अपना बताना पड़ रहा है. दिल्ली में पीडब्‍ल्‍यूडी की सड़कों से जुड़े कार्यों में पूरा पैसा दिल्ली सरकार के पीडब्‍ल्‍यूडी ने खर्च किया है. वहीं, एमसीडी की सड़कों से जुड़े कार्यों में पूरा पैसा एमसीडी ने खर्च किया है. केवल एनडीएमसी और एनएचएआई की सड़कों से जुड़े कार्यों में ही केंद्र का पैसा खर्च हुआ है. इस स्तर की राजनीति से देश का भला नहीं होने वाला है. भारत, जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाला है, लेकिन भाजपा गंदी राजनीति खेल रही है.”

जी-20 की अध्‍यक्षता कर रहा है भारत
बता दें कि भारत जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है. इस दौरान देश के 32 विभिन्न क्षेत्रों में करीब 200 बैठकें हुई हैं. दिल्ली में होने वाला शिखर सम्मेलन भारत द्वारा आयोजित होने वाली सबसे हाई-प्रोफाइल अंतरराष्‍ट्रीय सभाओं में से एक होगा.

Categorized in: