हसदेव अरण्य क्षेत्र में कोल ब्लॉक के लिए पेड़ों का सफाए के बीच गरमाई राजनीति

गिरिजा कुमार ठाकुर
अंबिकापुर। हसदेव अरण्य बचाओ को लेकर चल रहे ग्रामीणों के संघर्ष के बीच हाल में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में रसुखदारों को कोयले की आपूर्ति के लिए हरितिमा की चढ़ाई गई बलि के बाद राजनीतिक सरगर्मी उफान पर है। अरण्य क्षेत्र में चल रही कटाई के लिए क्षेत्र में आंदोलन का बिगुल फूंके नेतृत्वकर्ताओं को नजरबंद कर इलेक्ट्रिक आरा मशीन से किए गए हजारों वृक्षों के सफाया के बीच भाजपा के नेताओं ने बुधवार को उदयपुर ब्लॉक के उस क्षेत्र की ओर रूख किया, जहां वनों का सफाया पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में किया जा रहा था। मौके तक पहुंचने में इन्हें कामयाबी नहीं मिली और बीच रास्ते में सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करना पड़ा। जंगल क्षेत्र में जाने के लिए पूरी ताकत झोंकने के बीच सख्त पुलिसिंग आड़े आई और प्रदेश की कांग्रेस सरकार और अंबिकापुर विधायक व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर पेड़ कटाई का ठीकरा फोड़ते वापस आ गए। वापसी के साथ ही इन्होंने अगले दिन गुरूवार को सिंहदेव के निज आवास तपस्या का घेराव करने का ऐलान कर दिया। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार रैली के शक्ल में निकले भाजपा के नेताओं ने भारी-भरकम कार्यकर्ताओं के लाव-लश्कर के साथ स्वास्थ्य मंत्री के तपस्या भवन तक पहुंचने जोरदार नारेबाजी करते हुए ताकत झोंकी। यहां सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों के बीच काफी नोक-झोंक की स्थिति बनी। सिंहदेव के आवास में मौजूद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने घेराव करने के लिए पहुंचे भाजपा के नेताओं के रूख को लेकर तीखे शब्दवाण चलाए। एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने निज आवास के घेराव को अनुचित कदम करार दिया। बात यही नहीं रूकी टीएस बाबा ने तो पेड़ कटने की स्थिति में ग्रामीणों का पक्ष जानने के बाद अपनी बातों को स्पष्ट कर पहली गोली स्वयं झेलने की बात कही थी, यहां तो छग के औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने भाजपाइयों के रूख को देखते हुए …तो मैं गोली मार देता…कह डाला। उनकी जुबान से निकले शब्दबाण की वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने की देर थी, कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। उनका शब्दवाण धमकी भरी नसीहत के रूप में सुर्खियां बटोरने लगा। बीजेपी के कार्यकर्ताओं को धमकाने जैसी बातें सामने आने लगी। वायरल वीडियो में पाठक निजी निवास तक पहुंचकर इस प्रकार के प्रदर्शन को लेकर आपत्ति जताते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरी प्राइवेसी में कोई आता तो मैं गोली मार दूंगा…अगर मुझे हथियार दिया गया होता तो मैं गोली मार देता…मुझे हथियार अपनी सुरक्षा के लिए दिया गया है…मेरी प्राइवेसी में कोई घुसेगा तो मैं गोली मार दूंगा। बहरहाल अंबिकापुर विधायक के जिस तपस्या भवन का घेराव करने भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पहुंचे थे, वहां पहले से ही तगड़ी बेरीकेडिंग कर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिए गए थे। बंगले के सामने काफी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद थे। भाजपा के नेता व अंबिकापुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज ने औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष की बातचीत को लेकर कहा कि बालकृष्ण पाठक का कहना था कि घर में आकर घेराव करने की क्या जरूरत थी। मेरे घर में कोई आता तो मैं गोली मार देता। जब उनके द्वारा कहा गया कि घर का विषय नहीं है, घर के साथ उनका कार्यालय भी यहीं है, अब ज्ञापन देना है तो कार्यालय में ही देंगे, इस पर वे कुछ ऐसा बोल गए।

Categorized in: