अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर मेंड्राकला से लगे घुनघुट्टा नदी में हुआ हादसा

अंबिकापुर। घुनघुट्टा नदी में नहाने गए चाचा-भतीजे की डूबने से मौत हो गई, एक किशोर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर शहर से लगे ग्राम मेंड्राकला की है। घटना से मृतकों के स्वजन शोकाकुल हंै। हाल में इसी नदी में रायपुर से गर्मी की छुट्टियां मनाने अंबिकापुर आई मायापुर चांदनी चौक निवासी मामा-भांजी की डूबने से मौत हो गई थी।

जानकारी के मुताबिक शहर के चांदनी चौक मायापुर में रहने वाले उज्ज्वल भारती पिता कृष्णा प्रसाद भारती 17 वर्ष का चाचा अमन कुमार पिता अमला कुमार 19 वर्ष उत्तर प्रदेश से अंबिकापुर घूमने आया था। मंगलवार की दोपहर उज्ज्वल ने जरहागढ़ निवासी अपने दोस्त समर्थ सोनी पिता विनय सोनी 17 वर्ष को फोन करके नदी में नहाने के लिए जाने कहा। समर्थ अपने 8 वर्षीय भतीजे को साथ लेकर अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर स्थित ग्राम मेंड्राकला के घुनघुट्टा नदी में नहाने के लिए चले गया, जबकि उज्ज्वल के साथ उसका चाचा अमन गया था। अमन, समर्थ और उज्ज्वल नदी में नहा रहे थे, इसी दौरान अमन गहरे पानी में डूबने लगा तो समर्थ व उज्ज्वल उसे बचाने का प्रयास करने लगे, इसके बाद तीनों डूबने लगे। नदी के बाहर खड़े समर्थ के मासूम भतीजे ने शोर मचाया तो आस-पास के लोगों का ध्यान उसकी ओर गया और वे दौड़कर मौके पर पहुंचे। इस बीच उज्ज्वल और अमन पानी की गहराई में चले गए थे, और उनकी मौत हो गई थी। नदी में नहा रहे अन्य लोगों ने समर्थ को किसी तरह बाहर निकाला, और उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। नदी में डूबने से दो लोगों के मौत की खबर सुनकर गांव के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों का शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। घटना से स्वजन में शोक का माहौल है।

25 अप्रैल को मामा-भांजी की हुई थी मौत

25 अप्रैल को इसी नदी में शहर के चांदनी चौक निवासी 37 वर्षीय विनीत सोनी व उनकी 11 वर्षीय भांजी सिम्मी सोनी की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई थी। सिम्मी भी रायपुर से गर्मी की छुट्टी में घूमने के लिए अपनी मां और मामा के साथ अंबिकापुर आई थी। इस घटना को लोग भूल भी नहीं पाए थे और 10 दिन के अंतराल में चाचा-भतीजे की मौत हो गई।

Categorized in: