लखनपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम कटिंदा में शनिवार की दोपहर नहाने के लिए स्टाप डैम गए दो मासूम बच्चों की पानी की गहराई में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों और स्वजनों ने बच्चों को डैम से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दोनों बच्चों की मौत हो गई थी। हादसे से जन्मदिन का जश्न मातम में बदल गया, पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक राहुल दास (13) पिता मनोज दास निवासी ग्राम गणेशपुर केनापारा, अपनी बुआ के घर ग्राम कटिंदा में जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था। कटिंदा का संजना दास (12) पिता रघु दास सहित अन्य बच्चे भी साथ में डैम गए थे। दोपहर करीब 3.30 बजे सभी बच्चे नहाने के लिए राजा मुड़ा स्टाफ डैम पहुंचे। नहाने के दौरान अचानक राहुल और संजना गहरे पानी में डूबने लगे। साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने इन्हें बचाने की कोशिश की और स्वजन को खबर दी। मौके पर पहुंचे स्वजन, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विक्रम सिंह, जनपद सदस्य प्रतिनिधि सुरेश सिंह व ग्रामीणों की मदद से दोनों मासूमों को पानी से बाहर निकालकर डॉयल-112 से लखनपुर स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, यहां जांच के बाद दोनों को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घटना से स्वजन सहित पूरे गांव में शोक की लहर है। देर शाम होने के कारण पुलिस मृत बच्चों के शव का पोस्टमार्टम रविवार को कराएगी।

Categorized in: