अंबिकापुर। लखनपुर थाना क्षेत्र के अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130, नवापारा चौक में गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात 3.30 बजे हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर वहीं दूसरे युवक की मेडिकल कॉलेज अस्पताल से निजी अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। एक घायल का उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम बरगवां का रविन्द्र सिंह पिता केश्वर सिंह 25 वर्ष, 6 जून की रात को गांव के ही अजय सिंह पिता बाबूलाल सिंह 25 वर्ष व राजू गांधी पिता मंगल साय के साथ मोटरसायकल में उमेश्वरपुर बारात गया था। वापस गृहग्राम लौटने के दौरान नेशनल हाइवे में स्थित नवापारा चैक के पास देर रात 3.30 बजे विपरीत दिशा से आ रहे डीजे साउंड सिस्टम लोड अज्ञात पिकअप वाहन के चालक ने इन्हें बुरी तरह से चपेट में ले लिया। दुर्घटना में बाइक सवार अजय सिंह का सिर फट गया और पैर टूट गया था, जिसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर डॉयल 112 वाहन के साथ आरक्षक रामकुमार यादव, चालक राकेश बड़ा के अलावा भाजपा नेता व जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विक्रम सिंह, चालक महमूद खान मौके पर पहुंचे। अस्पताल के मुक्तांजलि वाहन में अजय सिंह के शव को लखनपुर स्वास्थ्य केन्द्र लाकर मर्च्युरी में रखवाया गया। राजू गांधी और रविन्द्र सिंह को लखनपुर स्वास्थ्य केन्द्र से प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर करने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया। यहां से आवश्यक उपचार के बाद स्वजन उसे रेफर कराकर निजी अस्पताल ले जा रहे थे, रास्ते में उसकी तबियत बिगड़ने पर वापस मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दो साउंड बॉक्स जप्त किया है और दुर्घटनाकारित अज्ञात वाहन के तलाश में लगी है।

Categorized in: