फरार आरोपियों के तलाश में लगी पुलिस, 22 मार्च को आरोपियों ने घटना को दिया अंजाम
अंबिकापुर। हत्या का प्रयास कर चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है, जिनके तलाश में पुलिस लगी है।
मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गहिरा गुरू आश्रम रिंग रोड निवासी मोनू साहू ने 23 मार्च को कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह अग्रेसन चौक के पास स्थित जिम में ट्रेनर का काम करता है। 22 मार्च को रात करीब 9 बजे वह जिम का काम खत्म करके घर जाने के लिए अपने स्कार्पियो वाहन क्रमांक सीजी 15 डीजेड 9432 में बैठा ही था, तभी स्कार्पियो वाहन का गेट खोलकर अंदर वाहन में घुसे आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से चाकू से वार किया, जिससे उसका हाथ जख्मी हो गया था। वह किसी तरह अपने वाहन से बाहर निकलकर जिम की ओर भागा, तब मुकेश यादव, ललित सोनी एवं अन्य लोहे का रॉड, बेल्ट, फाइटर से हमला किए। वह किसी तरह से खुद का बचाव करते हुए मौके से भागकर जिम के अंदर छिप गया था, तब आरोपी जिम के अंदर आकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर बाहर निकल गए और उसके स्कार्पियो वाहन के चारों ओर लगे कांच को क्षतिग्रस्त कर दिए। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 296, 351(3), 191(2), 1919(4), 190, 109 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना में लिया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों का बयान दर्ज किया था और स्कार्पियो वाहन को पहुंचाई गई क्षति का पंचनामा तैयार किया। घटनास्थल के आसपास का सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करके पुलिस हत्या का प्रयास करने वाले आरोपियों तक पहुंची। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, उप निरीक्षक वंश नारायण शर्मा, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक रमन कुमार मण्डल, विवेक राय, नितिन सिन्हा, मनीष सिंह, लालभुवन सिंह सक्रिय रहे।
इन आरोपियों को गिरफ्तार की पुलिस
कोतवाली पुलिस टीम ने मामले में मुकेश यादव पिता सोबरन यादव 21 वर्ष निवासी न्यू बस स्टैंड गर्ल्स कॉलेज के पास अंबिकापुर व ललित सोनी पिता भरत सोनी 38 वर्ष निवासी दर्रीपारा फुलवारी रोड अंबिकापुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध कबूल किया है। प्रकरण के आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय में पेश करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। अन्य आरोपी घटना दिनांक से फरार हंै, जिनके तलाश में पुलिस लगी है।

Categorized in: