*प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में लगे सरगुजा जिले के लखनपुर निवासी युवक की हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार*
अंबिकापुर। अंधे कत्ल के सनसनीखेज मामले की गुत्थी सुलझाने में एसीसीयु बिलासपुर एवं सिरगिट्टी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरगुजा जिले के लखनपुर निवासी आईएएस की तैयारी कर रहे युवक की हत्या त्रिकोणीय प्रेम संबंध के चलते प्रेमिका के पहले प्रेमी ने की थी और गुम्बर चोैक सिरगिट्टी में शव फेंक दिया था। चकरभाठा के आदतन अपराधी राहुल नामदेव ने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। प्रेमिका से लगातार मिलने-जुलने व हमेशा साथ रहने से मुख्य अभियुक्त नाराज था। आरोपी पूर्व में भी मारपीट कर चुका था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। अज्ञात शव की पहचान व आरोपियों तक पहुंचने में सीसीटीवी फुटेज का अहम रोल रहा। घटना में प्रयुक्त बेल्ट, बेंत का डण्डा एवं दो नग एक्टिवा मोटरसायकल व मारूती ब्रेजा चार पहिया वाहन क्रमांक सीजी 10 एजे 0261 पुलिस ने जप्त किया है।
पुलिस ने बताया मृतक यश साहू उर्फ टीनू पिता राजेश साहू 20 वर्ष सरगुजा जिला के लखनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।, जिसका हाल मुकाम मंगला चौक बिलासपुर था। छह जून को दोपहर करीब 03 से 04 बजे बीच थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के गुम्बर चौक के पास अज्ञात 20 वर्षीय युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना से तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिस पर पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संतोष सिंह द्वारा त्वरित कार्रवाई करने एवं अज्ञात शव की पहचान करके  आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राहुल देव शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली पूजा कुमार, अमन झा व गौरव ठाकुर प्रशिक्षु डीएसपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिरगिट्टी निरीक्षक पौरूष कुर्रे एवं एसीसीयु प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैषणव द्वारा टीम गठित कर अज्ञात शव की पहचान तथा आरोपियों की पतासाजी हेतु अलग-अलग क्षेत्र में टीम रवाना की गई। अज्ञात शव की पहचान हेतु सभी थाना प्रभारी एवं सरहदी जिले के थानों में रेडियो मैसेज कर शव की पहचान का प्रयास किया गया। शाम करीब 07 बजे मृतक के मोबाइल फोन को अज्ञात आरोपी द्वारा मृतक के दोस्त के पास छोड़ा गया, जिससे मृतक की पहचान यश साहू उर्फ टीनू पिता राजेश साहू 20 वर्ष निवासी ग्राम लखनपुर जिला सरगुजा हाल मुकाम मंगला चौक बिलासपुर हुई। प्रकरण के अज्ञात आरोपीयों की पतासाजी में पुलिस जुटी और मंगला चौक स्थित कोंचिग इंस्टीट्युट के सीसीटीवी कैमरा तथा शहर के लगभग 200 अलग-अलग स्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से अवलोकन किया गया। साथ ही अन्य तकनीकी माध्यमों से भी प्रकरण के अज्ञात आरोपियों के बारे में पता लगया गया, तो सामने आया कि मृतक का चकरभाठा क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध था। उसी युवती का चकरभाठा के किसी अन्य युवक से भी प्रेम संबंध होना सामने आया, जिसके बारे में पता लगाते पुलिस चकरभाठा के राहुल नामदेव नामक युवक तक पहुंची। आरोपी राहुल नामदेव अधिकतर अपनी प्रेमिका को कोचिंग संस्था के आसपास देखने जाता था, उसी दौरान पता चला कि आरोपी की प्रेमिका यश साहू के साथ भी प्रेम करती है, जिससे क्षुब्ध होकर आरोपी पूर्व में भी यश साहू को अपने प्रेमिका से दूर रहने की चेतावनी दे चुका था। घटना दिनांक को आरोपी राहुल नामदेव पुनः कोचिंग संस्था पहुंचा जहां यश साहू व अपनी प्रेमिका को एक साथ देखकर आग बबूला हो गया। पहले तो अपनी प्रेमिका के साथ नोक-झोंक किया, उसके बाद यश साहू को सबक सिखाने और मारने के लिए प्लाॅन बनाया। प्लान के मुताबिक आरोपी राहुल नामदेव यश साहू को कोचिंग संस्था से बुलाकर अपने स्कूटी में बैठाकर मारपीट करते हुए चकरभाठा नयापारा के एक बंद पड़े ढाबे में ले गया। यहां यश साहू की बेरहमी से पिटाई की, उसके बाद अपने अन्य साथी विनय सांडिल्य व उमेश वर्मा को भी लाठी डण्डा लेकर ढाबे में बुलवाया। इसके बाद तीनों मिलकर यश साहू की लाठी डण्डा और बेल्ट से बेरहमी से पिटाई किए। मारपीट से यश साहू वहीं अधमरा हो गया। आरोपी राहुल नामदेव को यह आभास हो गया कि यश साहू की मृत्यु हो सकती है, तब राहुल नामदेव हत्या के जुर्म से बचने के लिए उसे अधमरा हालत में अपने स्कूटी में बैठाकर चकरभाठा हाईकोर्ट मोड़ के पास ले गया और वहाॅ एक आॅटो में बैठाकर भेज दिया। इसके बाद मृतक का शव गुम्बर चौक सिरगिट्टी के पास मिला। आरोपी मृतक के मोबाइल फोन को चेक करने के बहाने रखा था किन्तु स्वजनों एवं दोस्तों का बार-बार काॅल आने पर मोबाइल को वापस कर दिया। प्रकरण के मुख्य आरोपी राहुल नामदेव द्वारा अपने अन्य साथियों विनय सांडिल्य व उमेश वर्मा के साथ मिलकर त्रिकोणीय प्रेम संबंध के चलते यश साहू की बेरहमी से मारपीट कर हत्या की गई थी। प्रकरण के सभी आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से पतासाजी कर घेराबंदी कर हिरासत में लिया। हत्या के जुर्म में विधिवत गिरफ्तार किया गया है।मामले में थाना सिरगिट्टी में धारा 302, 201, 34 भादवि का अपराध दर्ज किया गया है।
*कार्रवाई में इनका रहा विशेष योगदान*
थाना प्रभारी सिरगिट्टी निरीक्षक पौरूष कुर्रे, ए.सी.सी.यु. प्रभारी धर्मेंद्र वैष्णव, उप निरी. अजय वारे, स.उ.नि. अशोक चैरसिया, शितला प्रसाद त्रिपाठी, प्र. आर. देवमुन सिंह पुहुप, शोभित कैवर्त, आरक्षक तरूण केशरवानी, निखील राॅव, प्रशांत सिंह, बोधुराम कुम्हार, नवीन एक्का सरफराज खान, महिला आरक्षक शकुन्तला साहु, आरक्षक अफाक खान, शशिकांत जायसवाल, संजय यादव, जितेन्द्र जाघव, सतपूरन जांगडे का सराहनीय योगदान रहा।
*गिरफ्तार आरोपी*
0 राहुल नामदेव उर्फ बुटिया पिता पंजक नामदेव, 19 साल निवासी विकास नगर वार्ड क्रमांक 11 चकरभाठा, जिला बिलासपुर।
0 विनय सांडिल्य पिता स्व. जिवराखन प्रसाद सांडिल्य 19 साल निवासी विकास नगर वार्ड क्रमांक 11 चकरभाठा।
0 उमेश वर्मा पिता शिवहरण लाल वर्मा 23 साल निवासी नयापारा चकरभाठा।

Categorized in: