हत्या के बाद कंधे में लादकर शव को ले गया खेत मे स्थित कुएं तक, पत्थर बांधकर फेंका कुएं में
गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। उधार में दिए गए पांच हजार रुपये मांगने पर युवक की टांगी व डंडे से हमला कर हत्या कर दी गई थी और मृतक के शव को कुएं में डाल दिया था।पुलिस ने हत्यारोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। अपराध के तह तक पहुंचने में नगर पुलिस अधीक्षक एवं उनकी टीम की विशेष भूमिका रही। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा, टंगिया एवं घटना के दौरान पहना हुआ पैंट बरामद किया है। शातिर आरोपी पूर्व में भी थाना गांधीनगर में चोरी के प्रकरण मे चालान हो चुका है।
मामले का पर्दाफास करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने बताया कि बीते 07 जून को ग्राम चिखलाडीह नर्मदापुर के ग्रामीणों द्वारा किसी गंभीर विवाद के दौरान आपराधिक घटना होने की आशंका व्यक्त करते हुए सुचना दी गई थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष पुलिस टीम घटनास्थल, संजीव दास के मकान पहुंची। मकान का निरीक्षण करने पर घटनास्थल में खून के छींटे मिले, जिसे छिपाने के प्रयास हेतु मिट्टी से लिपाई करना पाया गया। घटनास्थल निरीक्षण करने पर किसी गंभीर आपराधिक घटना होने का अंदेशा हुआ और सघन सर्चिंग चलाकर पुलिस ने दूर खेत स्थित एक कुएं से मृतक का शव बरामद किया था।
मामले में पुलिस ने धारा 302, 201 भादवि का अपराध कायम कर विवेचना में लिया। इधर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग व पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में हत्या कारित करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला, प्रशिक्षु आईपीएस चिराग जैन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में दो अलग-अलग विशेष टीम का गठन कर फ्रारबआरोपी को गिरफ्तार करने लगातार दबिश दी जा रही थी। स्थानीय ग्रामीणों से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर संजीव दास उर्फ़ संचू पनिका पिता स्व. बंटेश्वर दास 26 वर्ष निवासी चिखलाडीह नर्मदापुर पर संदेह की सुई घूम रही थी। पुलिस को विवेचना के बीच पता चला था कि 04 जून की रात खेत के तरफ से कुछ लोगों ने उसे आते देखा था। संदेही घटना दिनांक से अपने घर से फरार था।
आरोपी के घर में खून के छींटे एवं धब्बे भी प्राप्त हुए थे। विशेष पुलिस टीम ने संदेही को घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ की, तो उसने बताया कि मृतक से उसका पुराना जान-पहचान था। मृतक सुधीर साव का उसके घर आना-जाना भी था। मृतक से आरोपी कुछ दिनों पूर्व उधार में पांच हजार रुपये लिया था, जिसे  मांगने के लिए वह घर तक आ जाता था। घटना दिनांक चार जून को मृतक सुधीर साव आरोपी संजीव दास से उधार में दिए हुए रुपये मांगने आरोपी के घर आया था, इस दौरान रुपये देने की जिद्द पर विवाद की स्थिति बनी और आरोपी ने मृतक को डंडे एवं टांगी से सिर एवं अन्य जगहों पर वार कर हत्या कारित कर दिया। हत्या पश्चात शव को कंधे में ढोकर दूर खेत स्थित कुएं के पास ले गया और रस्सी एवं पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

Categorized in: